मध्यप्रदेश में खरगोन जिले के मंडलेश्वर में हुए एक हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि यह सभी गुजरात के रहने वाले हैं, जिनके चार पहिया वाहन के साथ नर्मदापुल के पास स्थित ब्लाइंड टर्न पर हादसा हो गया। यहां सड़क के मोड़ पर इनकी कार असंतुलित होकर खाई में गिर पड़ी, जिसके बाद गिरते हुए सामने लगे एक पेड़ से जा टकराई, जिससे कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
वहीं, हादसे में कार सवार सभी पांच व्यक्ति घायल हुए हैं। इधर, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को तुरन्त अस्पताल पहुंचाया। जहां सभी का प्राथमिक उपचार कर उन्हें जिला अस्पताल खरगोन के लिए रेफर कर दिया गया है।
पांच घायलों को किया गया है खरगोन रेफर
वहीं, घायलों का इलाज कर रहे डॉक्टर स्वप्निल श्रीवास्तव ने बताया कि उनके पास एक्सीडेंट में घायल पांच लोगों को लाया गया है। जो कि सभी गुजरात के रहने वाले बताए गए हैं। इनके एक्सरे करने पर अभी मालूम चला है कि दो-तीन लोगों की हड्डियां टूट गई हैं, जिसके चलते आगे के इलाज के लिए उन्हें खरगोन के अस्पताल रेफर किया गया है। हालांकि, इनमें से तीन घायलों की ही हड्डी टूटी है। लेकिन सभी पांचों को खरगोन के लिए रेफर किया गया है।