बकरी चोरी करने वाले गिरोह के सात सदस्य गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश की खरगोन पुलिस ने एक बड़े बकरी चोर गैंग को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। किसानों और पशुपालकों की बकरियों को चुराने वाले गैंग के सात सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से एक चार पहिया वाहन, दो मोटरसाइकिल सहित चोरी की गईं 30 बकरियां भी पुलिस ने जब्त की है । बता दें, पिछले दिनों 14 जुलाई को खरगोन के ही थाना बलकवाड़ा अंतर्गत आने वाले एक किसान के बाड़े से रात के समय ताला तोड़कर लगभग 92 बकरियां चोरी हुई थी, जिनकी कीमत लगभग चार लाख साठ हजार रुपये थी, तो वहीं करीब आठ बकरियां मृत और अधमरी हालत में भी पाई गई थीं। इसी को लेकर पुलिस लगातार खोजबीन कर रही थी। लगभग 200 सीसीटीवी फुटेज देखने और मुखबिर तंत्र से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस को यह सफलता मिली है। हालांकि गैंग का एक सदस्य अभी भी फरार हैं।
खरगोन के थाना बलकवाड़ा अंतर्गत आने वाली खलटाका चौकी के ग्राम महाराज खेड़ी के रहने वाले किसान नारायण पटेल पिता के बाड़े से बीते 14 जुलाई को करीब 100 बकरियों को चुराने की कोशिश की गई थी, इसमें करीब आठ बकरियों को अधमरी हालत में छोड़कर बाकी बची लगभग चार लाख साठ हजार कीमत की 92 बकरियों को चोर अपने साथ ले जाने में कामयाब हो गए थे। जिसके बाद पुलिस ने घटना में अपराध पंजीबद्ध कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने चोरों के आने जाने के रास्ते की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सहित अपने मुखबिर तंत्र को भी काम पर लगा कर जानकारी जुटाने की कोशिश की थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जिला धार के ग्राम धावडदा के रहने वाले कुछ संदिग्ध चोरी की कुछ बकरियों को बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। ग्राम महराजखेड़ी से चोरी हुई बकरियों में भी इन्ही का हाथ हो सकता है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीमें लगाकर अलग अलग दिशा से मुखबिर द्वारा बताये हुलिए के अनुसार कुल सात संदिग्धों को पकड़ा गया, जिनके कब्जे से पुलिस को एक चार पहिया तूफान गाड़ी के साथ ही दो मोटरसाइकिल और 30 बकरियां भी बरामद हुईं।