खरगोन उपद्रव में युवक इब्रीश उर्फ सद्दाम खान की मौत के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों पर केस दर्ज किया है। 5 में से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका हैं वहीं, 3 आरोपी अब भी फरार हैं। पकड़े गए एक आरोपी पर एनएसए लगाया है। अब तक खरगोन हिंसा मामले में पुलिस तीन आरोपियों पर एनएसए लगा चुकी है।
बता दें खरगोन जिले के आनंद नगर में रामनवमी पर हुए पथराव में इब्रीश खान (28) निवासी इस्लामपुरा की मौत हो गई थी। मृतक के परिजन के आरोपियों की शिनाख्त के बाद पुलिस ने जिन 5 आरोपियों पर केस दर्ज किया है। उनमें दिलीप गांगले, अजय सोलंकी, अजय कर्मा, दीपक प्रधान व संदीप शामिल हैं। पकड़े गए दो आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद कोर्ट ने उन्हें दो दिन की रिमांड पर जेल भेज दिया है।
एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। आरोपियों के पास से युवक की मौत के कुछ सबूत भी मिले हैं। खरगोन जिले में रामनवमी के दौरान हुए उपद्रव में अब तक पुलिस 154 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी हैं। वहीं 106 फरार आरोपियों पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। मामले में अब तक 63 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।
कर्फ्यू में 4 घंटे की राहत
शुक्रवार को जिले में कर्फ्यू में लोगों को 4 घंटे की राहत दी गई है। सुबह 8 बजे से 12 बजे तक लोग मेडिकल, दूध, फल, सब्जी, किराना, इलेक्ट्रिक व इलेक्ट्रॉनिक के साथ इलेक्ट्रिक रिपेयरिंग, बर्तन दुकान, हार्डवेयर मटेरियल, मिठाई, नमकीन, सैलून, खाद-बीज, आटा चक्की, बैंक और पोस्ट ऑफिस के काम कर सकेंगे। वहीं, कपड़ा दुकान, कटलरी और ज्वेलरी की दुकानें भी खोली जा सकेंगी। फिलहाल जिला प्रशासन ने गाड़ियों पर पाबंदी बरकरार रखी है।