खंडवा में जपं सदस्य के घर से पकड़े गए जुआरी।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के खंडवा जिला मुख्यालय से मात्र 18 किलोमीटर दूर बसे जावर में रहने वाली महिला नेत्री और जनपद पंचायत खंडवा की सदस्य ज्योति यादव अपने पति और भाजपा नेता दीपक यादव के साथ मिलकर घर में ही जुए-सट्टे का अड्डा चला रहे थे। मौके से दंपीत के साथ मां जीवनलता बाई और बेटा रौनक भी धंधे में लिप्त पाया गया, जिन्हें भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जब पुलिस ने इन लोगों को गिरफ्तार किया तो उस दौरान ये सब पुलिस से भिड़ गए और उन्हें वर्दी उतारने तक की धमकी दे डाली।
खंडवा एसएसपी बीरेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में गुरुवार को टीआई जीपी वर्मा, एएसआई रणजीत सिंह और उनकी टीम ने जपं सदस्य ज्योति यादव के घर की घेराबंदी करते हुए दबिश दी। एक कमरे में जुआ तो दूसरे कमरे में सट्टा चलते हुए मिला। ज्योति और पति दीपक यादव के अलावा ज्योति की मां जीवनलता बाई और बेटा रौनक भी धंधे में लिप्त मिले। पुलिस ने जीवनलता के पर्स से सट्टा पर्चियां जब्त कीं। तो वहीं चारों के कब्जे से 19 सट्टा पर्ची, दो मोबाइल, रजिस्टर, लीड व 10170 रुपए भी बरामद किए गए हैं। जबकि दूसरे कमरे में जुआ खेल रहे आरोपी दिलीप पिता चिमनलाल यादव, रघुवीर सिंह पिता शिवराम निवासी जावर, शैलेंद्र पिता देवराम और राकेश पिता मिश्रीलाल निवासी तलवड़िया ताश पत्तों व फड़ में रखे 10050 रुपए के साथ रंगे हाथ पकड़े गए। टीआई वर्मा ने बताया आरोपियों ने अपने घर को जावर के आसपास के गांवों का हेडक्वार्टर बना रखा था तो वहीं दीपक पर जुआ-सट्टे के दो मामले पहले से भी दर्ज हैं।
जपं सदस्य ज्योति बोली... वर्दी उतरवा दूंगी
ज्योति व दीपक को जब पुलिस ने पकड़ा तो उसकी मां और पूरा परिवार पुलिस से विवाद करने लगा। इस दौरान उन्होंने पुलिस से खूब अभद्रता की। यहां तक कि जीवनलता व ज्योति ने पुलिसकर्मियों को वर्दी उतारने तक की धमकी भी दी। बता दें कि दीपक जावर में राशन दुकान संचालक भी है और वह भाजपा नेता भी है।
जुए-सट्टे के काम में पूरा परिवार था शामिल
इधर जावर थाना प्रभारी गंगा प्रसाद वर्मा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि दीपक अपने घर के पिछले कमरे में जुआ सट्टा चल रहा है। इसमें उसका पूरा परिवार भी शामिल है। इस पर से पुलिस ने वहां पर छापा मार करवाई की, जिसमें दीपक यादव उसकी पत्नी ज्योति यादव, दीपक का पुत्र और दीपक की मां यह चारों लोग मोबाइल पर और पर्ची के माध्यम से सट्टे के पैसे ले रहे थे। हमने मौके पर ही पंचनामा बनाया। इस कार्रवाई में आरोपियों से सात मोबाइल सहित नगदी और सट्टा पर्ची बरामद की गई है। दीपक के मकान के अगले हिस्से में ही चार अन्य लोगों को भी ताश पत्ती का जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया है। जुआ एक्ट के सहित आरोपियों पर धारा 151 की कार्रवाई की गई है । उन्हें न्यायालय पेश किया जाएगा।