दीपावली का उल्लास चारों तरफ फैला है। हर कोई अपनी तरह से खुशी जता रहा है लेकिन दीपावली पर एक परिवार ने जीवंत लक्ष्मी का अनूठा स्वागत कर अलग अंदाज में दीपावली मनाई। घर आंगन को सजाया और फूल पंखुड़ियां बिछाई। वजह यह थी कि घर में कन्या का आगमन हो रहा था। खुशी इतनी कि पूरा परिवार पलक पावड़े बिछाए इंतजार करता रहा और जैसे ही नन्हें कदमों से लक्ष्मी का घर आगमन हुआ तो दीपावली की अनोखी छटा बिखरी।
खुशियों से झूम उठा पूरा परिवार
लाडली लक्ष्मी के आगमन पर हुए स्वागत का यह मामला मध्यप्रदेश के उज्जैन का है। यहां एक घर में बिटिया के जन्म पर इस तरह खुशी मनाई जिसकी चारों ओर चर्चा हो रही है। दरअसल उज्जैन के वर्धमान नगर में प्रवेश माते रहते हैं। 21 अक्तूबर को उनकी पत्नी ने बेटी को जन्म दिया। पहली संतान के रूप में बेटी ने जन्म लिया तो पूरा परिवार खुशियों से झूम उठा। अस्पताल से छुट्टी होने पर दीपावली के एक दिन पहले मां और बेटी घर पहुंची। घरवालों ने इनका स्वागत करने के लिए ऐसी तैयारी की थी कि देखने वाले भी हैरान रह गए।
नन्हें कदमों की राहों को सजाया फूलों से
लाड़ली लक्ष्मी ने जैसे ही घर की दहलीज में कदम रखा तो ढोल ढमाके से स्वागत किया गया। पैरों में कुमकुम लगाकर कपड़े पर पदचिह्न लिए। रंगारंग आतिशबाजी की। घर को फूलों से सजाया। राहों में भी फूल और पंखुडिय़ां बिछाईं। मंगल गीत गाए गए। इस मौके पर पिता प्रवेश ने कहा कि हर बच्ची के भाग्य में पिता तो है लेकिन हर पिता के भाग्य में बेटी नहीं। हमारा पूरा परिवार बहुत खुश है। मां आरती का कहना है कि ससुरालवालों ने बेटी का जिस तरह स्वागत किया उससे बहुत खुश हूं। यदि आज के समय में हर कोई ऐसा हो जाए तो बेटी के जन्म पर चारों तरफ खुशी नजर आए।