मंगलवार को सिविल अस्पताल के शौचालय में एक नवजात बालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। नियमित सफाई के दौरान सफाई कर्मचारी ने शौचालय में नवजात को देखा और तुरंत अस्पताल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही अस्पताल का स्टाफ और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद नवजात बालक को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सफाई के दौरान हुआ खुलासा
अस्पताल में मंगलवार को रोजाना की तरह सफाई कार्य चल रहा था। इसी दौरान सफाई कर्मचारी जब शौचालय की सफाई करने पहुंचा, तब उसने वहां नवजात का शव देखा। उसने तत्काल अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। अस्पताल परिसर में मौजूद डॉक्टर और सुरक्षाबल के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। चिकित्सकों द्वारा नवजात की मृत्यु की पुष्टि करने के बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
ये भी पढ़ें: इंदौर: बेटे के साथ ड्यूटी जा रही सफाईकर्मी को इंदौर में कार ने मारी टक्कर, हो गई मौत
सीसीटीवी फुटेज और रिकॉर्ड की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल तेज कर दी है। सिविल सर्जन डॉ. एमएल मालवीय ने बताया कि घटना की पूरी जानकारी पुलिस को दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस टीम अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि शौचालय में नवजात का शव फेंकने वाले संदिग्धों की पहचान हो सके। पुलिस डिलीवरी वार्ड के रिकॉर्ड और हाल ही में अस्पताल में भर्ती हुई गर्भवती महिलाओं की सूची की भी बारीकी से जांच कर रही है।