इंदौर में पत्रकारों से चर्चा करते सिंधिया
- फोटो : self
केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को इंदौर में जन आशीर्वाद यात्रा निकाली। शहर के जीपीओ चौराहे से शुरू हुई यात्रा से पहले सिंधिया ने भाजपा कार्यालय में राजमाता स्व. विजयाराजे सिंधिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। इसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बनने की उनकी कोई अभिलाषा नहीं है। सिर्फ जनता की सेवा करना अभिलाषा है।
ग्वालियर के सिंधिया राजपरिवार के मौजूदा प्रमुख ने कहा कि 'महाराज' मेरा अतीत था ज्योतिरादित्य सिंधिया मेरा वर्तमान है। ज्योतिरादित्य ने कहा कि सिंधिया राजपरिवार का गौरवशाली इतिहास रहा है। मेरे पूर्वजों ने मुगलों से लड़ाई की थी। सिंधिया ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की तारीफ की और कहा कि मुख्यमंत्री ने कोरोना काल में और बाढ़ पीड़ितों के लिए बहुत काम किया।
दिग्विजय के आरोप का इस तरह दिया जवाब
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह द्वारा 'जन आशीर्वाद यात्रा' को भाई साहब की वसूली यात्रा करार देने के सवाल पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा, 'मुझे इसकी जानकारी नहीं है। मैं भाई और बेटा बनना चाहता हूं। यानी भाई साहब की उपाधि मुझे मिली है। भाई तो जीवन पर्यंत होता है। 'महाराज' मेरा अतीत है, वर्तमान ज्योतिरादित्य सिंधिया है।'
अगले माह से मप्र से 67 नई फ्लाइट्स शुरू होंगी
नागरिक विमानन मंत्री सिंधिया ने कहा कि मध्यप्रदेश में विमानन सेवा के विस्तार के लिए तेजी से काम हो रहा है। एक सितंबर तक मध्यप्रदेश से 67 नई फ्लाइट्स शुरू हो रही हैं। एक हफ्ते में इंदौर को ग्वालियर और जबलपुर से हवाई रूट से जाेड़ दिया जाएगा। कांग्रेस के 70 साल के कार्यकाल में 75 एयरपोर्ट थे जो भाजपा के 7 साल के कार्यकाल 61 एयरपोर्ट बने हैं जो बड़ी उपलब्धि है। इसके साथ ही इंदौर भोपाल- जबलपुर- ग्वालियर खजुराहो में एयरपोर्ट टर्मिनल करोड़ों की राशि से विस्तारीकरण हो रहा है।