जबलपुर में प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या का मामला सामने आया है। प्रेमिका से मिलने आए युवक की युवती के भाई व चाचा ने हत्या कर दी। इतना ही नहीं हत्या के बाद दोनों की लाश को नदी में फेंक दिया। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी चाचा-भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है।
जबलपुर के कटंगी थाना प्रभारी शिव मंगल सिंह के अनुसार बेलखेड़ा थानांतर्गत भैरव घाट निवासी राजा उर्फ कृष्णकांत लोधी (30) के पिता की मौत बचपन में हो गई थी। युवक की स्कूली शिक्षा पौडी स्थित ननिहाल में रहकर हुई थी। इसी दौरान गांव में रहने वाली एक युवती व उसके बीच प्रेम संबंध बन गए थे, जबकि लड़की के परिजन प्रेम संबंध के विरोध में थे।
युवक शनिवार की रात को अपनी प्रेमिका से मिलने आया था। लड़की के भाई राजुल लोधी तथा चाचा राघवेन्द्र लोधी ने उसे देख लिया। दोनों ने मिलकर युवक के साथ मारपीट की। सिर में पाइप से हमला करने के कारण युवक की मौत हो गई। हत्या करने के बाद दोनों ने शव को गांव की नदी में फेंक दिया। युवक का शव रविवार सुबह नदी में उतराते हुए मिला। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया था।
शरीर में चोट के निशान होने के कारण परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पाटन चौराह में शव रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस की समझाइश के बाद उन्होंने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। पुलिस ने जांच के बाद हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी चाचा-भतीजे को गिरफ्तार कर लिया।