मध्य प्रदेश के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर एक अनोखी घटना देखने को मिली। यहां एक वेंडर की अजीब हरकत की वजह से उसको गिरफ्तार कर लिया गया। वेंडर की अजीबोगरीब हरकत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब छाया रहा। वेंडर ने एक यात्री से समोसे के बदले उसके हाथ की घड़ी उतरवा ली।
घटना शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर हुई। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक यात्री ट्रेन छूटने से पहले समोसे का ऑनलाइन भुगतान करने की कोशिश करता है, लेकिन ट्रांजेक्शन फेल हो जाता है। तभी ट्रेन चलने लगती है। ऐसे में यात्री बिना समोसे लिए जाने लगता है। तभी वेंडर ने उसका कॉलर पकड़ लेता है। इसके बाद यात्री अपनी कलाई की घड़ी उतारकर वेंडर को देता है इसके बाद वेंडर उसे समोसे पकड़ा देता है।
ये भी पढ़ें- पहले दिन आठ लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे चित्रकूट, आज CM मोहन करेंगे कामदगिरी की परिक्रमा
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने वेंडर को हिरासत में ले लिया और उसका लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
'एक्स' पर वीडियो के बारे में एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए, जबलपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ने कहा, "विक्रेता की पहचान कर ली गई है और उसे आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) ने हिरासत में ले लिया है। ठेकेदार का लाइसेंस रद्द करने की भी कार्रवाई की जा रही है।"