पनागर पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अहमद नगर महाराष्ट्र निवासी मिनीनाथ शिंदे (39) सहित 20 व्यक्ति तथा 3 बच्चे बनारस व देवरिया घूमने मिनी बस क्रमांक एमएच 16 सीडी 4451 की बुकिंग कराकर गये थे। घूमने के बाद गत शाम बनारस से वापस अहमद नगर लौटने के लिए मिनी बस में सवार होकर निकले थे। रात में ड्राइवर गाड़ी को तेज चला रहा था और उसे नींद आ रही थी।
चालक के खिलाफ मामला दर्ज
सुबह करीब 5.30 बजे एनएच 7 स्थित माताश्री ढाबा के समीप बस पहुंची तो ड्राइवर को नींद की झपकी आ गयी। जिसके कारण वह नियंत्रण खो बैठा और बस अनियंत्रित होकर पलट गयी। इस दुर्घटना में मिनी बस में सवार हिरामन वाघ, शीतल, दीपक वाघ, अनीता पति अमरसिंह, शुभांगी मिनीनाथ शिंदे, आदिका पति लक्ष्मण उदमले, छाया शिवाजी माली, दत्तात्रेय तुकाराम ओगले को चोटें आईं हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। तीन श्रद्धालुओं को गंभीर चोटें आईं हैं। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ धारा 279, 337 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।