एक शख्स बच्चे को उठा-उठाकर फेंक रहा है, वहीं पड़ोसी बचाने पहुंचे तो उसे भी धक्का दे दिया।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के जबलपुर में चोरी के शक में बच्चे से मारपीट करने का मामला सामने आया है। नौ साल के बच्चे को दो लोग पीट रहे हैं। एसपी के निर्देश पर मारपीट के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार घटना 12 अगस्त के दोपहर की बताई जा रही है। जिले के रांझी थाना क्षेत्र के मस्ताना चौक के पास लगे सीसीटीवी में मारपीट का सारा मामला कैद हो गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है दो लोग दोपहिया वाहन से उतरकर नौ साल के बच्चे को पीटना शुरू कर देते हैं। बच्चा जमीन पर गिर जाता है तो उसे लातें भी मारी गईं। कुछ पड़ोसी बच्चे को बचाने की कोशिश भी करते दिख रहे हैं, पर मारपीट करने वाले उन्हें भी धक्का देकर हटा रहे हैं। बाद में बच्चे को उठाकर साथ ले गए।
बताया जा रहा है कि जो व्यक्ति बच्चे को पीट रहा है वो SAF की 6वीं बटालियन का जवान बताया जा रहा है। मारपीट के पीछे चोरी की बात बताई जा रही है। बच्चे पर आरोप है कि उसने 6वीं वाहिनी आवासीय कैंपस से एक साइकिल चुराई है। मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आई है। जबलपुर एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।