मेखला रिसॉर्ट में युवती की हत्या (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
जबलपुर के मेखला रिसोर्ट के कमरे में युवती की हत्या करने वाला प्रेमी युवक पांच दिन बाद भी पुलिस गिरफ्त से दूर है। आरोपी युवक ने हत्या के बाद बनाया गया वीडियो सहित अन्य फोटो सोशल मीडिया में वायरल किया है। पुलिस की आधा दर्जन टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
युवक द्वारा वायरल वीडियो में युवती रक्त रंजित अवस्था में पलंग में पड़ी हुई थी और अंतिम सांस गिन रही थी। पलंग व बैड पर खून फैला हुआ था और युवक रजाई उठाते हुए लड़की का चेहरा दिखाता है और कहता है कि बेवफाई नहीं करने का...। दूसरे वायरल वीडियो में लड़का अपना नाम अभिजीत पाटीदार निवासी पटना बता रहा है।
ये भी पढ़ें- रिसॉर्ट के कमरे में मिली खून से सनी युवती की लाश, फर्जी आईडी देकर युवक के साथ रुकने आई थी
युवती की हत्या करना कबूल करते हुए कह रहा है कि वह तेल व शक्कर का व्यापारी है। व्यापार में जितेन्द्र उसका पार्टनर है और युवती से दोनों के प्रेम संबंध थे। युवती उसके पार्टनर के 10-20 लाख रुपये लेकर जबलपुर आ गई थी। पार्टनर के कहने पर ही उसने युवती की हत्या की है। युवक द्वारा एक पोस्ट की गई है, जिसमें वह मृतका से माफी मांगते हुए स्वर्ग में मिलने की बात कह रहा है। इसके अलावा उसने अन्य फोटो भी वायरल किए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एसएस बघेल के अनुसार आरोपी युवक मीडिया कवरेज के लिए सोशल मीडिया को उपयोग कर रहा है। युवक मीडिया की खबर को देख रहा है और मृतका के इंस्टाग्राम का उपयोग कर रहा है। युवक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की आधा दर्जन टीम लगी हुई है और उसे शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- रिसॉर्ट में हुई हत्या का नया वीडियो आया सामने, आरोपी बोला- बेवफाई करने वालों का ऐसा ही हश्र होता है
गौरतलब है कि घाना स्थित मेखला रिसॉर्ट में रविवार को एक प्रेमी युगल आकर रुके थे। युवक ने आईडी के रूप में अभिजीत पाटीदार निवासी गुजरात का आधार कार्ड दिया था। मंगलवार की दोपहर को युवती की लाश रिसॉर्ट के कमरे में मिली थी। हाथ की कलाई की नस कटी हुई थी और गले में गंभीर चोट के निशान थे। युवती के पास रखे बैग की जांच करने पर आधार कार्ड मिला, जिससे उसका नाम रेखा था।
आधार कार्ड के आधार पर शिनाख्त के लिए उसकी बुआ को बुलाया गया था। जिन्होंने फोटो देखकर मृतका के भतीजी होने से इंकार कर दिया है। जांच में पाया गया कि युवती का आईडी कार्ड फर्जी था। युवती की शिनाख्त कुंडम निवासी शिल्पी झारिया उर्फ शिल्पी मिश्रा के रूप में हुई थी।