जबलपुर में रामपुर छापर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रावास में रहने वाले सौ से अधिक बच्चों को दूषित कटहल की सब्जी खाने के कारण उल्टी व पेट दर्द होने लगा था। बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था। उपचार के बाद स्वास्थ ठीक होने के कारण सभी बच्चों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
जिला कलेक्टर सौरभ सुमन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को छात्रावास में रहने वाले 12 से 18 साल के बीच के सौ से अधिक बच्चों को रात में भोजन करने के बाद उल्टी व पेट दर्द की दिक्कत होने लगी थी। सभी पीड़ित बच्चों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। मेडिकल स्टॉफ को तत्काल उपचार के निर्देश जारी किए गए थे। भोजन के सैंपल को एकत्र को उसे जांच के लिए भेजा गया है। घटना की जांच के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय मिश्रा ने बताया, एकलव्य आवासीय विद्यालय के 55 बच्चे को मेडिकल कॉलेज में, 37 बच्चे जिला अस्पताल में और 11 बच्चों को निजी अस्पतालों में भर्ती किया गया था। पीड़ित में लगभग 25 छात्राएं थी और सभी छात्रों ने संयुक्त मेस में खाना खाया था। स्वास्थ लाभ होने के कारण मंगलवार शाम को सभी बच्चों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। मंगलवार सुबह जिला कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर बच्चों के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी प्राप्त की थी।