जबलपुर के सरकारी अस्पताल में आग लगने के बाद मुआयना करने पहुंचे अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
जबलपुर में एक अगस्त को एक निजी अस्पताल में आग लगी थी। आठ लोगों की मौत हुई थी। इससे अस्पतालों ने कोई सबक नहीं लिया और अब सरकारी अस्पताल में आग लग गई। कलेक्टर ने तीन दिन पहले जिस वायर को बदलने के निर्देश दिए थे, उसमें ही शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। गनीमत यह रही कि सुरक्षाकर्मियों ने सही समय पर सक्रियता दिखाते हुए अग्निशामक उपकरणों से आग बुझा दी।
मामला नेताजी सुभाषचंद्र अस्पताल का है। सोमवार दोपहर दो बजे के करीब वायर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि खंबे से बच्चा वार्ड के बाहर लगे इलेक्ट्रिक बॉक्स को आने वाली इलेक्ट्रिक लाइन में शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे वायर ने आग पकड़ ली। इस केबल से गेस्ट हाउस में बिजली जाती है। घटना से अस्पताल की बिजली सप्लाय प्रभावित हुई। 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया।
वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही संभागायुक्त बी चंद्रशेखर, कलेक्टर इलैयाराजा टी, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा सहित अन्य अधिकारी पहुंच गए थे। इस केबल में 5 अगस्त को भी शॉर्ट सर्किट हुआ था। तब कलेक्टर ने तत्काल इस वायर को बदलने के निर्देश दिए थे।
पहले भी लग चुकी है आग
इससे पहले शॉर्ट सर्किट की वजह से बच्चा वार्ड में आग लगी थी। उस घटना में एक शिशु की मौत हुई थी। पिछले हफ्ते जबलपुर के ही शिवनगर स्थित न्यू लाइफ केयर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में आग लगी थी। इसमें आठ लोगों की मौत हुई थी।