कोतवाली थाना क्षेत्रांतर्गत दमोह नाका खिन्नी मोहल्ला में 70 वर्षीय वृद्ध की गला घोंटकर हत्या करने के मामले की पुलिस ने गुत्थी सुलझा ली है। आरोपी युवक घर में घुसकर वृद्धा की 20 वर्षीय पोती के साथ दुष्कर्म कर रहा था। दादी के जाग जाने पर आरोपी ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या और दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने हत्या का पर्दाफाश करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस घटना में पोती की भूमिका के संबंध में भी जांच कर रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी ने बताया कि मंगलवार की सुबह चेरीताल निवासी 70 साल का शव घर के कमरे में मिला था। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। वृद्धा सोमवार की रात लगभग दस बजे अपनी 20 वर्षीय बड़ी पोती तथा 15 वर्षीय छोटी पोती के साथ कमरे में सोने चली गई थी। देर सुबह तक मां तथा बेटियां कमरे से बाहर नहीं आए तो वृद्धा के बेटे ने दरवाजा खटखटाया। छोटी बेटी ने दरवाजा खोला तो बेटे ने देखा कि उसकी मां मृत अवस्था में पड़ी हुई है।
ये भी पढ़ें-
शिक्षक बना शिक्षक का दुश्मन, कक्षा में घुसकर बेरहमी से पीटा, हाथ की उंगली टूटी
पिता को बड़ी बेटी ने बताया कि रात को बिजली गुल होने पर किसी ने उसके हाथ बांध दिए थे। पुलिस ने प्रकरण को संदिग्ध मानते हुए प्रकरण को विवेचना में लिया था। पूछताछ के दौरान 20 वर्षीय युवती ने बताया कि दादी रात को बाथरूम गई थी और लौटने के बाद कमरे का दरवाजा बंद करना भूल गई थीं। रात को निर्माणाधीन ओवर ब्रिज के कार्य करने वाला प्रतीक उर्फ राहुल चौधरी उम्र 35 साल निवासी पनागर दरवाजा खुला होने के कारण घर में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसकी दादी जाग गई तो युवक ने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी और इसके बाद जमीन पर पटक दिया। डर में मारे युवती ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या और दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
सीएसपी रितेश शिव ने बताया कि पनागर निवासी आरोपी युवक शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। युवती के घर के पास ही निर्माणाधीन फ्लाई ओवर में कार्य करने के दौरान दोनों में पहचान हो गई थी। युवती का कहना है कि दहशत के कारण उसने पहले घटना की जानकारी नहीं दी थी। घटना में युवती की भूमिका के संबंध में भी जांच जारी है। युवक का मोबाइल फोन जब्त करते हुए उसकी सीडीआर निकाली जा रही है।