खानपान के लिए मशहूर सराफा बाजार में गुरुवार देर रात हंगामा हो गया। रात को सराफा चौपाटी पहुंचे मेडिकल कॉलेज के छात्रों और दुकानदारों में विवाद हो गया। विवाद इतना अधिक बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग थाने पर आ गए और वहां पर भी हंगामा किया। बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया।
विज्ञापन
दुकान से मिठाई उठाने पर हुआ विवाद
सराफा चौपाटी के अध्यक्ष और दुकानदारों का कहना है कि एक छात्र ने बिना पूछे दुकान से मिठाई उठाई थी। सराफा पुलिस ने बताया कि दुकानदार राम गुप्ता ने आरोप लगाते हुए रिपोर्ट लिखाई कि शिवगीरी स्वीट्स पर एक युवक आया और दुकान में रखी मिठाई बिना पूछे उठाकर खा गया। इस पर उसे कहा कि यह क्या बदतमीजी कर रहे हो तो उसका साथी विवाद करने पर आमादा हो गया। उनके साथ खड़ी युवती जोर जोर से चिल्लाने लगी। तीनों ने मिलकर दुकान में रखी मिठाई सड़क पर फेंक दी। मौके पर खड़े दुकानदार ओमप्रकाश को धक्का दे दिया, जिससे वे मालपुए की कड़ाही में गिर गए। तेल गर्म होने के चलते उनके शरीर का कुछ हिस्सा झुलस गया। तीनों ने मारपीट भी की। तीनों एमजीएम कॉलेज के स्टूडेंट हैं। व्यापारी की शिकायत पर मनोज खूबचंदानी, संदीप चौधरी और राधिका के खिलाफ केस दर्ज किया है।
छात्र बोले दुकानदारों ने बेवजह विवाद किया
वहीं मेडिकल कॉलेज के छात्र और उनके साथी भी सराफा थाने पहुंचे और मामले में पुलिस को शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि अकारण एक दुकानदार ने विवाद करते हुए कुछ दुकानदारों को बुलाकर उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने रात में युवती को छोड़ दिया। जबकि मनोज और संदीप अभी भी हिरासत में हैं। वहीं राधिका की शिकायत पर दुकानदार और कर्मचारियों के खिलाफ भी मारपीट और अभद्रता करने के मामले में केस दर्ज किया है।