टीचर को सड़क पर निर्वस्त्र कर पीटते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला, इंदौर
मध्य प्रदेश के एक प्रमुख नीट कोचिंग संस्थान NEET Coaching की इंदौर ब्रांच में टीचर्स ने एक छात्रा का शोषण किया है। छात्रा तीन महीने तक यह दर्द सहती रही। उसने बाद में परिजन को बताया और पुलिस ने टीचर्स के खिलाफ पॉस्को एक्ट में केस दर्ज किया है। राजपूत समाज कोचिंग बंद करने के लिए सड़कों पर उतर आया है।
इंदौर के तुकोगंज स्थित कोचिंग इंस्टिट्यूट में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही 17 साल की नाबालिग स्टूडेंट ने पुलिस में शिकायत की है। उसने शिकायत में बताया कि तीन माह से केमिस्ट्री वाले सर उसका शोषण कर रहे हैं। इस बात का जब उसने विरोध किया तो बॉटनी पढ़ाने वाले सर ने उसे धमकाया। अंत में उनसे परिजन को इस मामले की जानकारी दी। परिजन ने बुधवार को एक टीचर को नग्न कर पीटा। दूसरे टीचर की तलाश पुलिस कर रही है। करणी सेना भी राजपूत समाज की इस स्टूडेंट के सपोर्ट में उतर आई है। इंदौर में कोचिंग के खिलाफ प्रदर्शन कर उसे बंद करने की मांग की जा रही है।
सर ने कैबिन में बुलाया और प्राइवेट पार्ट पर टच किया...
छात्रा ने तुकोगंज थाने में दिए बयान दर्ज कराया है। उसने बताया कि वह खरगोन जिले के मारूगढ़ से तुलसी टॉवर में निजी कोंचिग में नीट की तैयारी कर रही है। उसने एक अगस्त को कोचिंग ज्वाइन की थी। वहां शैलेन्द्र सर बॉटनी और विवेक सर केमिस्ट्री पढ़ाते थे। सात अगस्त 2023 को विवेक सर ने उसे रिलेक्स कैफे में बुला। उससे कहा कि आज का केमिस्ट्री का लेक्चर वहीं समझाएंगे। वह शाम को छह बजे होस्टल से निकलकर रिलेक्स कैफे पहुंची। वहां विवेक केबिन के अंदर बैठा था। बाहर बुलाने पर उन्होंने कहा कि बाहर लोग आते-जाते हैं इसलिए पढ़ाने में दिक्कत होगी। अंदर कैबिन में ही बैठकर पढ़ते हैं। कैबिन में सर ने पढ़ाया नहीं और खाने-पीने का पूछने लगे। उसने मना किया तब भी मैगी बुला ली। इसके बाद वह लड़की के गाल, टांग और प्राइवेट पार्ट पर गलत तरीके से टच करने लगे। वह वहां से उठकर सीधे अपने होस्टल चली गई। उसने होस्टल की रूम मेट को यह बात बताई, लेकिन घर वालों को नहीं बताई।
टीचर ने कहा- जान से मार देंगे
लड़की ने कहा कि "इसके बाद विवेक सर मुझे क्लास में भी गंदी नजरों से देखने लगे। मेरा क्लास में बैठना मुश्किल हो गया था। इसके बाद मैंने अपने चाचा को इस बारे में बताया। जब मैंने चाचा को यह बात बताई तो विवेक सर को भी बताया कि मैं उन्हें यह बात बता चुकी हूं। इस पर क्लास के दूसरे सर शैलेन्द्र सर ने मेरे मोबाइल नंबर पर कॉल कर धमकाया कि विवेक ने जो भी हरकत की है उसे घर वालों को मत बताना। नहीं तो अच्छा नहीं होगा, तुम जिंदा नहीं बचोगी। इसके बाद मेरे तीनों चाचा और मेरी रूम मेट कोचिंग में दोनों टीचर से बात करने पहुंचे।"
वायरल हुआ वीडियो
छात्रा के परिजन जब कोचिंग पहुंचे तो विवेक सर कोचिंग में मिले। उनसे पूछा कि शैलेन्द्र सर कहां हैं तो वे विवाद करने लगे। इसके बाद परिजनों ने विवेक की पिटाई कर दी। टीचर को निर्वस्त्र कर पीटते हुए थाने तक ले गए। सड़क पर कई लोगों ने इसके वीडियो भी बनाए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।