इंदौर जिले के सभी स्कूल मंगलवार को भी बच्चों के लिए बंद रहेंगे। कड़ाके की सर्दी को ध्यान में रखते हुए ये निर्णय लिया गया है। इससे पहले सभी स्कूलों में कक्षा नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 6 जनवरी से 9 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया था।
इंदौर कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी के आदेश पर जिला शिक्षा अधिकारी मंगलेश कुमार व्यास ने इस संबंध में आदेश-पत्र जारी कर दिया है। पत्र में बताया गया है कि शीतलहर के कारण इंदौर जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई माध्यमिक शिक्षा मण्डल एवं समस्त बोर्ड से सम्बद्ध विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है, इसी को दृष्टिगत रखते हुए छात्रहित में कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी द्वारा पूर्व में 6 जनवरी से 9 जनवरी 2023 तक जिले में कक्षा नर्सरी से आठवीं तक छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश घोषित किया गया था। शीतलहर की निरंतरता को देखते हुए अवकाश अवधि बढ़ाकर 10 जनवरी 2023 तक कर दी गई है। विद्यालयीन शिक्षक समय पर उपस्थित रहेंगे।
बता दें कि इंदौर का मौसम इस समय काफी सर्द है। रात का पारा लगातार गिर रहा है। बीते 24 घंटे के मुकाबले 2 डिग्री से ज्यादा की गिरावट रही। सोमवार सुबह कोहरे की चादर छाई रही। हवाओं का रुख उत्तरी होने से लगातार ठंडक बनी हुई है। इसी को देखते हुए स्कूली बच्चों का अवकाश एक दिन और बढ़ा दिया गया है।