पौधरोपण करते केंद्रीय मंत्री अमित शाह।
- फोटो : अमर उजाला
मंत्री शाह ने कहा कि पर्यावरण की चिंता विश्व को है। ओजन लेयर में बड़े-बड़े छेद हो गए हैं। मध्य प्रदेश देश का फेफड़ा है। यह देश को ऑक्सीजन देता है। इस प्रदेश में 30 परसेंट वन क्षेत्र है। पूरे देश का 12 परसेंट ग्रीन कवरेज इस प्रदेश में है।
मंत्री शाह ने कहा कि मैं चुनाव के बाद पहली बार प्रदेश में आया हूं। इस प्रदेश की जनता ने 29 सीटें मोदी जी की झोली में डाली हैं। प्रदेश की मोहन सरकार अच्छे काम कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि के क्षेत्र में कई योजनाएं लागू की हैं।
सीएम बोले- मालवा का पुराना स्वरूप वापस लाना है
इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि इंदौर जो करता है अलग हटके करता है, इसलिए इंदौर की देश में अलग पहचान है। उन्होंने कहा कि मालवा के लिए कहावत थी कि मालव माटी गहन गंभीर, पग पग रोटी डग डग नीर, लेकिन काल के प्रवाह में मालवा से पेड़ कम होते गए। अब इंदौर ने मालवा का पुराना स्वरूप लौटने का ठाना है। पेड़ लगाना सबसे बड़ा पुण्य का काम है।
इंदौर ग्रीन सिटी के रूप में उभरेगा
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन का इंदौर ने अख्तियार किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को पूरा किया। अब इंदौर ग्रीन सिटी के रूप में उभरेगा। हम साल 51 लाख पेड़ इंदौर में लगाएंगे। इंदौर ग्रीन कवरेज में 17वें नम्बर पर है। पांच साल में पहले नंबर पर होंगे।
जनभागीदारी से बने विश्व रिकार्ड
मेयर ने कहा कि इंदौर ने जनभागीदारी से एक साथ 11 लाख पौधे लगाने का विश्व रिकार्ड तय होगा। इस शहर ने प्रधानमंत्री के आग्रह पर इंदौर को सबसे साफ शहर बनाया है। मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि इंदौर क्लीन सिटी था। अब ग्रीन सिटी बनेगा।
पितृ पर्वत पर भी लगाया पौधा
केंद्रीय मंत्री अमित शाह पौने 12 बजे विशेष विमान से इंदौर आए। वे पहले पितृ पर्वत गए। वहां उन्होंने एक पौधा लगाया। इसके बाद मंत्री शाह रेवती रेंज पहुंचे।
पौधरोपण के लिए बनाए गए जोन
टेकरी पर 9 जोन बनाए गए। उसमें कुल 98 सब जोन में 11 लाख पौधे लगाए गए। अलग-अलग समाजों ने इन सब जोनों में पांच से लेकर दस हजार पौधे लगाए।
60 करोड़ से ज्यादा के पौधे लगे
इंदौर में 51 लाख पेड़ लगाने के अभियान के लिए प्रदेश सरकार ने 20 करोड़ दिए है, जबकि 25 करोड़ के पौधे विभिन्न समाज, खेल, धार्मिक और अन्य संगठन, संस्थान और कंपनियां लगा रही हैं। अन्य विभाग ने भी दस करोड़ से ज्यादा के पौधे खरीद कर लगाए हैं।