आरोपी महिला नीलम पाराशर (40) सागर की रहने वाली है।
- फोटो : सोशल मीडिया
इंदौर में पकड़ाई नकली महिला एसडीएम से पूछताछ में कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आ रही हैं। प्राथमिक पूछताछ और मोबाइल के आधार पर पता चला कि आरोपी महिला अब तक 100 लोगों को ठगी का शिकार बना चुकी है।
पुलिस कमीश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने बताया कि पुलिस ने एसडीएम बनकर लोगों पर रौब झाड़ने वाली महिला नीलम पाराशर को गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ की जा रही है। जिसमें पता चला है कि लोगों को सरकारी नौकरी के नाम पर ठगती थी। तकनीक का दुरुपयोग कर दस्तावेज तैयार करती थी।
मिश्र ने बताया कि महिला सागर की रहने वाली है। अपने मित्र के साथ यहां पीएससी की तैयारी कर रह थी। कई बार कोशिश के बाद जब वह सफल नहीं हुई तो फर्जी एसडीएम बनकर रौब झाड़ने लगी। उसकी गाड़ी पर मप्र शासन लिखा हुआ था। खुद को देपालपुर एसडीएम बनकर रह रही थी। उनसे नकली गनमैन भी रखा हुआ था। 200 रुपये रोज में एक व्यक्ति को नकली पुलिस वर्दी पहनवा दी थी और नकली बंदूक भी थमा दी थी।
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि नकली एसडीएम ने नकली दस्तावेज से सरकारी विभाग में 100 से ज्यादा लोगों को नियुक्ति देने के नाम पर ठगा है। अब लोग सामने आ रहे हैं। पुलिस ने बताया कि मोबाइल में भी कई नकली प्रशासनिक पहचान पत्र, सरकारी लेटर, सरकारी विभाग के फर्जी नियुक्ति पत्र मिले हैं।
इस फर्जी अधिकारी महिला ने ठगी के रुपयों से इंदौर के तेजाजी नगर क्षेत्र में आलीशान बंगला बना रखा है। पुलिस बंगले की तलाशी भी लेगी। वहां से कई और दस्तावेज मिलने की संभावना है। बताया जा रहा है कि महिल ने बंगले का मेन गेट बंद कर चाबी कहीं फेंक दी है। आरोपी महिला को लग्जरी कार का भी शौक है। पुलिस पूछताछ कर रही है।