शिवपुरी की लापता छात्रा को इंदौर पुलिस ने तलाश लिया है। उसके पिता ने कोटा से उसके गायब होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस को कुछ दिन पहले उसके सीसीटीवी फुटेज इंदौर में मिले थे। वह एक दोस्त के साथ भागी थी और अपहरण की झूठी कहानी रचकर पिता को वीडियो भी बनाकर भेजे थे।
विज्ञापन
क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पुलिस टीम ने काव्या धाकड़ (20) और उसके दोस्त हर्षित को ढूंढ लिया है। छात्रा और उसके दोस्त देवगुराड़िया (खुड़ैल) के आगे इंडेक्स मेडिकल कॉलेज के समीप छात्रा की सहेली के रूम पर रह रहे थे। एसआई बलराम तोमर की टीम ने दोनों को वहां से पकड़ा। छात्रा की सहेली इंडेक्स कॉलेज से नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है।
छात्रा पहले इंदौर में पढ़ती थी और बाद में कोटा एक कोचिंग में एडमिशन लेने के लिए गई थी। वहां से छात्रा फिर इंदौर अपने दोस्त हर्षित के पास आ गई और इंदौर से पिता को अपहरण के फोटो वीडियो बनाकर भेज दिए। पिता को लगा कि वह कोटा से अपहरण हुई है और इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। बाद में पुलिस को इंदौर में छात्रा और उसके मित्र के सीसीटीवी फुटेज मिले और अब उसे पकड़ने में सफलता हासिल हुई।