चुनावी साल में इंदौर के दो विधानसभा क्षेत्रों में स्वास्थ्य पर फोकस किया जा रहा है। क्षेत्र क्रमांक दो और तीन के पांच-पांच वार्डों में रहवासियों का घर-घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण होगा। इनमें से जो गंभीर बीमारी के मरीज मिलेंगे। उनका उपचार किया जाएगा। यदि किसी को आपरेशन की जरुरत होगी तो वह भी कराए जाएंगे।
भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इस तरह का शिविर मध्य प्रदेश में पहली बार लगाया जा रहा है। चाहे इलाज में हजार रुपये लगे या 25 लाख, मरीज को कुछ नहीं चुकाना होग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में इस तरह का प्रयोग इंदौर में किया जा रहा है।
वार्डों में जांच का काम 10 सितंबर से शुरू हो जाएगा। इसके बाद 17 सितंबर को एक बड़ा शिविर लगेगा। जिसमें देश भर के डेढ़ सौ से ज्यादा डाक्टर भी आएंगे और मरीजों का इलाज करेंगे। शिविर की तैयारियों में विधायक रमेश मेंदोला और आकाश विजयवर्गीय भी जुट गए है।
एक हजार लोगों की टीम होगी तैयार
इस शिविर के लिए मेडिकल स्टाॅफ, पैरामेडिकल स्टाॅफ के अलावा भाजपा के कार्यकर्ता स्वास्थ्य दूत बनकर रहवासियों से संपर्क करेंगे। सामान्य बीमारी के इलाज के अलावा हार्ट,न्यूरो, लंग्स, किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारियों का इलाज भी शिविर में किया जाएगा।
विजयवर्गीय ने कहा कि चार-चार लोगों की टीम दस वार्डों में जांच के लिए तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस शिविर के लिए उन्होंने देशभर के 250 से ज्यादा डाक्टरों को पत्र लिखे थे, ज्यादातर ने आने की सहमति दी।
हेलीकाप्टर नहीं उड़ने से यात्रा में शामिल नहीं हो पाए
विजयवर्गीय को शुक्रवार को जन आशीर्वाद यात्रा के लिए खंडवा के खकनार में जाना था। वे सुबह नौ बजे एयरपोर्ट पहुंचे, लेकिन मौसम खराब होने की वजह से हेलीकाप्टर नहीं उड़ पाय। इस कारण वे यात्रा में शामिल नहीं हो पाए।