महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में सफाई मित्रों का सम्मान किया गया। इस मौके पर नगर निगम के जोनल अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, सीएसआई, दरोगा एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर एवं महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी ने सभी को संबोधित किया।
पीएम मोदी को स्वच्छता अभियान के लिए याद रखा जाएगा
महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने इंदौर शहर की स्वच्छता और इसे लगातार देशभर में नंबर एक पर बनाए रखने के लिए नागरिकों, सहयोगियों और विशेष रूप से सफाई मित्रों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इंदौर की यह उपलब्धि केवल जागरूक नागरिकों और सफाई मित्रों के समर्पित प्रयासों से ही संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि आज जब पूरे देश में स्वच्छता की बात होती है, तो सबसे पहले इंदौर का नाम आता है। यह हमारे लिए गर्व की बात है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब पहली बार लाल किले से 'स्वच्छ भारत अभियान' की घोषणा की, तो कई लोगों ने इसे एक साधारण घोषणा समझा लेकिन आज हम देख रहे हैं कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छता के संकल्प को जन आंदोलन बनाकर पूरा किया गया है। ठाकुर ने यह भी कहा कि अब तक कई प्रधानमंत्री रहे हैं, जिन्होंने देश की आजादी और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है लेकिन स्वच्छता अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक सशक्त जन आंदोलन के रूप में विकसित किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के नेतृत्व में इंदौर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान चलाया गया है, जिसके तहत 51 लाख पौधों का पौधारोपण किया गया है। इस अभियान ने पर्यावरण संरक्षण को एक नई दिशा दी है।
दुनिया के कई देशों से बेहतर हैं हम
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आज इंदौर में स्वच्छता के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शहरवासियों, सफाई मित्रों और एनजीओ साथियों का अभिनंदन किया। इस विशेष अवसर पर महापौर ने कहा कि इंदौर शहर ने स्वच्छता के ऐसे मॉडल स्थापित किए हैं जिन्हें अब पूरी दुनिया में अपनाया जा रहा है। महापौर भार्गव ने बताया कि हाल ही में दिल्ली में हुई एक बैठक के दौरान विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने स्वच्छता पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा जब यह चर्चा हुई कि किस शहर में कितने दिनों में कचरा उठाया जाता है, तो पता चला कि ऑस्ट्रेलिया के बड़े शहरों में 7 दिन में एक बार, न्यूयॉर्क में 3 दिन में एक बार और लॉस एंजेलिस में भी 3 दिन में एक बार कचरा उठाया जाता है। जबकि इंदौर में हर दिन कचरा उठाया जाता है और उसकी प्रोसेसिंग भी की जाती है। इसके पीछे की ताकत हमारे सफाई मित्र, एनजीओ और समर्पित जनसमूह हैं, जिनके कारण इंदौर का सम्मान आज वैश्विक स्तर पर हो रहा है।
शहर की योजनाओं की जानकारी दी
महापौर भार्गव ने भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला, जिसमें इंदौर जल्द ही वेस्ट टू एनर्जी प्लांट शुरू करेगा। साथ ही, ग्रीन वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट भी जल्द ही क्रियान्वित होने वाला है। सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि जब हम स्वच्छता, स्मार्ट सिटी, मेट्रो, और प्रधानमंत्री आवास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देश भर में चर्चा करते हैं, तो चर्चा के बाद देश के विभिन्न शहरों के महापौर और सभी अधिकारी हमसे मिलने आते हैं। वे यह पूछते हैं कि हमने अपने शहर को स्वच्छता में नंबर वन कैसे बनाया। मैं उन्हें बताता हूं कि यह हमारे इंदौर के सभी जनप्रतिनिधियों, नेतृत्व के मार्गदर्शन, और इंदौर की जनता के सहयोग से संभव हुआ है। इसके साथ ही, हमारे सभी अधिकारी और सफाई मित्रों की दिन-रात की मेहनत से इंदौर लगातार नंबर वन पर बना हुआ है। हम सब मिलकर प्रधानमंत्री के स्वच्छता के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे, और इंदौर को आठवीं बार स्वच्छता में आगे बढ़ाने का संकल्प करते हैं।