इंदौर लोकसभा सीट पर 13 मई को मतदान होना हैै।उसके एक दिन पहले दो हजार से ज्यादा मतदान दलों को मतदान सामग्री का वितरण निर्वाचन कार्यालय करेगा। इसके लिए इंदौर के नेहरु स्टेडियम में तैयाारियां पूरी हो चुकी है।
स्टेडियम में स्ट्रांग रुम बनाया गया है। जिसमें मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को उसमें रखा जाएगा। इस स्ट्रांग रुम की खिड़कियों को भी सील किया है। मतदान के बाद स्ट्रांग रुम का बिजली कनेक्शन भी काट दिया जाएगा, ताकि भीतर कोई अग्नि हादसा न हो सके। स्टेडियम ग्राउंड पर फायर ब्रिगेड की दमकलें अब मतगणना तक खड़ी रहेगी।
स्टेडियम में तीन डोम बनाए गए है। पिछली बार की तरह विधानसभा क्षेत्रों के हिसाब से डोम में अलग-अलग सेक्टर रहेंगे। वहां मतदान दल अपनी टेबलों पर बैठेंगे और टेबल तक ही मतदान सामग्री पहुंचाई जाएगी। उसके बाद पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होगी।
मतदान सामग्री का वितरण 12 मई की सुबह सात बजे से शुरू होगा। सुबह साढ़े दस बजे तक सभी पोलिंग पार्टियों को मतदान सामग्री दे दी जाएगी। मतदान दलों के लिए दो हजार से ज्यादा बसों की व्यवस्था प्रशासन ने कर रखी है। गर्मी के मौसम को देखते हुए इस बार पोलिंग पार्टियों को अेाआरएस घोल, एनर्जी पाऊडर भी दिया जाएगा।
स्टेडियम में लगाए सीसीटीवी कैमरे
नेहरु स्टेडियम में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। इसके अलावा 20 से ज्यादा कक्षों में मतदान सामग्री वितरण का काम होगा। निर्वाचन कार्यालय से ईवीएम पिछले सप्ताह ही पहुंचा दी गई थी। उन्हें जांच कर पोलिंग पार्टियों को दिया जाएगा।
एक माह में खाली हो जाएगा स्टेडियम
मतगणना और मतदान वितरण का कार्य हर चुनाव में नेहरु स्टेडियम मेें होता हैै। इस कारण स्टेडियम दो माह के लिए बंद रहता है। पहले छह माह तक ईवीएम स्टेडियम से नहीं हट पाती थी, लेकिन अब निर्वाचन आयोग ने इसके लिए एक भवन तैयार कर लिया है। मतगणना के बाद ईवीएम को उस भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा। जुलाई माह तक स्टेडियम में फिर खेल गतिविधियां शुरू हो सकेगी।