ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार तीनों सेनाओं द्वारा युद्ध पद्धति में नवाचार और रणनीतिक विमर्श को लेकर राष्ट्रीय स्तर का ‘रण संवाद 2025’ आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन 26 और 27 अगस्त को महू के सैन्य संस्थान में होगा। इसके लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 25 अगस्त को महू पहुंचेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर इंदौर एयरपोर्ट पर प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों की बैठक एडीएम रोशन राय की अध्यक्षता में हुई।
सेनाध्यक्षों की मौजूदगी, महू बना नो-फ्लाई जोन
इस आयोजन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ सीडीएस जनरल अनिल चौहान, थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह शामिल होंगे। आयोजन के दौरान 26 से 28 अगस्त तक महू को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इस अवधि में महू और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
पहली बार तीनों सेनाओं का संयुक्त सेमिनार
देश में पहली बार थल सेना, जल सेना और वायु सेना का संयुक्त सेमिनार आयोजित किया जा रहा है। इसमें न केवल सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारी बल्कि रक्षा उद्योग विशेषज्ञ, शिक्षाविद् और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। सेमिनार में युद्ध, युद्धनीति और आधुनिक तकनीक के प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
‘रण संवाद 2025’ में निम्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा:
* युद्ध और युद्धनीति पर आधुनिक तकनीक का प्रभाव
* युद्ध पद्धति में नवाचार और नई रणनीतियां
* आत्मनिर्भर भारत और रक्षा उद्योग की सक्रिय भागीदारी
* सशस्त्र बलों को तैयार करने और युद्धाभ्यासियों को मंच उपलब्ध कराने पर विमर्श
महू में यातायात रहेगा प्रभावित
सुरक्षा और प्रबंधन को देखते हुए 25, 26 और 27 अगस्त को महू के कई मार्ग बंद रहेंगे।
* माल रोड को पूरी तरह से बंद किया जाएगा।
* आंबेडकर जन्मभूमि स्मारक से लेकर डीएसओएमआई तक मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
* किशनगंज आरओबी से ड्रीमलैंड, गर्ल्स स्कूल चौपाटी, गेटवेल अस्पताल और मदर मेरी स्कूल से जुड़ने वाले कई मार्गों पर भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
यह होंगे वैकल्पिक मार्ग
* इंदौर से आने वाले वाहनों को किशनगंज आरओबी से गर्ल्स स्कूल चौपाटी होते हुए भायाजी मार्ग से ड्रीमलैंड चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
* ड्रीमलैंड से डीएसओएमआई होते हुए चाकूल चौराहे तक का मार्ग खुला रहेगा।
* महू से मंडलेश्वर और मानपुर की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात जारी रहेगा।
* भायाजी मार्ग पर खड़े वाहनों को हटवाया जाएगा ताकि यातायात में कोई बाधा न हो।