भाजपा ने लोकसभा चुनावों के लिए देशभर की 195 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। मध्य प्रदेश की इंदौर समेत पांच सीटों को छोड़कर 29 में से 24 सीटों पर नाम तय हो गए हैं। इंदौर सीट भाजपा की सुरक्षित सीट मानी जाती है। टिकट होल्ड होने से सांसद शंकर लालवानी भी आशंकित हैं। ऐसे में प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने यह कहकर उनकी धुकधुकी बढ़ा दी कि 'उड़ती-उड़ती खबर आई है कि शंकर लालवानी जी का टिकट कट गया है। इंदौर एक सुरक्षित सीट है। इस पर एक महिला को चुनाव लड़ाया जा सकता है।'
प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शक्ति वंदन अभियान कार्यक्रम में महिलाओं के बीच थे। भाजपा की महिला मोर्चा की पदाधिकारियों को इस दौरान उन्होंने अपने खास अंदाज में अधिक से अधिक संख्या में राजनीति में आने की अपील भी कर दी। उन्होंने कहा कि आप में से कई लोग विधायक और सांसद बनने वाले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया है। फिर वह बोल गए कि "मुझे तो उड़ती-उड़ती यह भी खबर मिली है कि सांसद शंकर लालवानी का टिकट इसलिए कटा है, क्योंकि यहां से किसी महिला को टिकट देना है। इंदौर से महिला सांसद होना चाहिए। महिला को लड़ाओ तो सेफ सीट देखो।" बाद में विजयवर्गीय ने हाॅल में मौजूद महिलाओं से पूछा कि "कौन-कौन चुनाव लड़ना चाहता है? अपने हाथ ऊंचा करें।" उनका यह कहना था कि हॉल में मौजूद सभी महिलाओं ने हाथ उठा दिए। फिर महिलाओं की हंसी से हॉल गूंज गया। कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वर्चुअली संबोधित किया।कार्यक्रम के बाद विजयवर्गीय ने मीडिया से कहा कि महिलाओं का कार्यक्रम था, मै मजाक कर रहा था। अभी टिकट तय नहीं हुआ है। लालवानी अभी उ्म्मीदवार है।
चावड़ा जी, आप तो कुकिंग क्लास ज्वाइन कर लो
विजयवर्गीय ने कार्यक्रम में मजाकिया लहजे में कहा कि यदि महिलाएं चुनाव लड़ेगी तो हम क्या करेंगे? फिर उन्होंने आईडीए के पूर्व अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा से कहा कि "आपने तो आईडीए छोड़ दिया है, अब कुकिंग क्लास ज्वाइन कर लो।"