इंदौर के पास चोरल में एक फार्म हाउस की निर्माणाधीन छत गिरने से छह मजदूर उसमें दब गए। पांच मजदूरों की मौत हुई है। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती करवाया। आसपास के गांव के ग्रामीणों ने सबसे पहले मदद की। पुलिस ने निर्माणाधीन रिसोर्ट के मालिक विकास पिता श्रीनिवास डबकरा, अनाया पति भरत डेम्बला, विहाना पति जतिन डेम्बला और रिसोर्ट के मैनेजर राहुल अहिरवार पर केस दर्ज किया है।
इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा- चोरल में निर्माणाधीन इमारत में गुरुवार को ही स्लैब डाली गई थी। रात को मजदूर उसी के नीचे सो गए। पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर हैं। राहत कार्य जारी है। घटनास्थल पर मौजूद एसपी हीतिका वासल ने बताया कि तीन जेसीबी और एक पोकलेन की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। अभी तक 5 शव निकाल लिए गए हैं। हादसे में पवन पिता भवरलाल पांचाल, हरिओम पिता रमेश, अजय पिता रमेश, गोपाल पिता बाबूलाल प्रजापति और राजा की मृत्यु हुई है। करीब तीन घंटे चले रेस्क्यू के दौरान एक-एक कर पांचों मजदूरों के शव निकाले गए। मृतकों में दो सगे भाई और कॉन्ट्रेक्टर भी शामिल हैं। 2 मजदूर इंदौर, 2 शाजापुर और 1 राजस्थान का रहने वाला था।
हादसे में इनकी गई जान
पवन (35) पिता भंवरलाल पांचाल निवासी बांसवाड़ा, राजस्थान (ठेकेदार)
गोपाल (45) पिता बाबू लाल प्रजापति निवासी छोटा बांगड़दा, इंदौर
राजा (22) पिता शेर सिंह निवासी इंदौर
हरिओम (22) पिता रमेश मालवी निवासी गांव उन्मोद, शाजापुर
अजय (20) पिता रमेश मालवी निवासी गांव उन्मोद, शाजापुर