इंदौर के महालक्ष्मी नगर में एक युवती की आंख में गोली लगने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। गोली आंखों से होते हुए सिर में घुस गई थी। बताया गया है कि गुरुवार रात किराए के मकान में पार्टी के बाद शुक्रवार सुबह युवती को कुछ युवक बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराने लाए थे और उसके बाद वे अस्पताल से गायब हो गए। युवती का नाम भावना है और वह ग्वालियर की रहने वाली है। गोली युवती के साथी ने ही चलाई थी,क्योकि भावना पार्टी के बाद अपने घर जाना चाहती थी और उसका दोस्त उसे रोक रहा था। उसने धमकाने के लिए पिस्तौल निकाली और गोली चल गई।
गोली लगने का पता चलने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालत गंभीर होने के कारण युवती के बयान नहीं हो पाए थे, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। जिस वाहन में युवती को उसके दोस्त अस्पताल लाए थे, उसका नंबर ट्रेस हो गया है। अस्पताल में भर्ती करने के दौरान युवती के दोस्त की-चैन अस्पताल में भूल गए थे। जिस पर आरआर मेंशन लिखा था। इसके आधार पर पुलिस उस पते पर पहुंची। युवती के साथ चार युवक थे और वे रात को महालक्ष्मी नगर के एक फ्लैट में पार्टी कर रहे थे। उसमें गोली लगने की घटना हुई।
ग्वालियर-दतिया के हैं युवक
पुलिस को पता चला है कि युवक ग्वालियर और दतिया के हैं और किराए की कार लेकर आए थे। उन्होंने भावना को अस्पताल में छोड़ने के बाद कार निपानिया क्षेत्र में छोड़ दी। कार मालिक जतिन जायसवाल ने बताया कि कार उसने आशु यादव नामक युवक को किराए पर दी थी। आशु दतिया का निवासी है। युवकों ने भी महालक्ष्मी नगर क्षेत्र में ही मकान किराए पर लिया था। फिलहाल वे पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।