इंदौर में कांवड़ियों की पीटने का वीडियो वायरल हो रहा है।
- फोटो : सोशल मीडिया
इंदौर के खंडवा रोड पर कांवड़ियों पर हमला करने की मामला सामने आया है। आठ कांवड़ियों के घायल होने की सूचना है। दो घायलों को इंदौर के निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। विवाद के पीछे कांवड़ियों और एक होटल कर्मचारी के बीच बहस होना बताया जा रहा है। पुलिस ने ऐहतियातन तीन थाना क्षेत्रों का बल इलाके में तैनात कर दिया है, कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार दोपहर की है। कुछ कांवड़िए ओंकारेश्वर से जल भरकर लौट रहे थे, उन्हें राऊ के अवधूतेश्वर महादेव में जल चढ़ाना है। सिमरौल थाना क्षेत्र स्थित एक होटल पर कुछ कांवड़िए जलपान के लिहाज से रुके थे। इसी बीच होटल के एक कर्मचारी से किसी कांवड़िए की कहासुनी हो गई और होटल का स्टाफ भड़क गया। बताया जा रहा है कि होटल के लोगों ने कांवड़ियों पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले के बाद भगदड़ की स्थिति बन गई, जिसे जहां जगह मिली भागने लगे। हमले में आठ कांवड़ियों को चोट आई है। जिसमें तीन की हालत गंभीर बताई गई है। दो घायलों को विशेष हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
हंगामे की सूचना पुलिस तक पहुंची। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मामला शांत कराया। पुलिस ने शिकायत के बाद होटल पर छापा भी मारा, जहां से अवैध शराब भी मिली है। पुलिस ने होटल सील कर दी है। ग्रामीण एसपी भगवत सिंह का कहना है कि कांवड़ियों पर हमला होने की सूचना पर पुलिस टीम भेजी थी। हमलावरों पर कार्रवाई की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। मारपीट का वीडियो भी वायरल हुआ है। जिसमें दिखाई दे रहा है कि होटल के कर्मचारी कांवड़ियों को लठ, डंडे और हॉकी से पीट रहे है। मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। होटल के सीसीटीवी की फुटेज खंगाले जा रहे हैं।