इंदौर मेें आचार संहिता हटने के बाद पुराने प्रोजेक्टों को गति मिलना शुरू हो गई है। एबी रोड को बांबे अस्पताल होते हुए बायपास से जोड़ने वाली सड़क पर नगर निगम ने ब्रिज का निर्माण शुरू कर दिया है। यह ब्रिज तुलसी नगर के समीप बनाया जा रहा है।
पहले यहां छोटी पुलिया बनी हुई थी, जो संकरी थी। इससे यहां यातायात बाधित होता रहता था। पुरानी पुलिया को फिलहाल तोड़ा जा रहा है। यहां नगर निगम फोरलेन ब्रिज बनाएगा। डेढ़ साल पहले ही इंदौर विकास प्राधिकरण ने बांबे अस्तपाल से तुलसी नगर तक फोरलेन सड़क बनाई है।
अब इस सड़क को बायपास से जोड़ने की योजना है। प्राधिकरण बायपास से एंडवास एकेडमी स्कूल तक छह लेन सड़क बना चुका है, लेकिन खजराना कब्रिस्तान के कारण सड़क तुलसी नगर तक नहीं बन पाई है। प्राधिकरण पहले ही नए कब्रिस्तान के लिए जमीन कमेटी को दे दी थी, लेकिन कमेटी ने पुराने कब्रिस्तान का कब्जा भी नहीं छोड़ा अौर वहां पर शव दफनाने का सिलसिला जारी रहा।
प्राधिकरण ने कब्रिस्तान का कब्जा छोड़ने के लिए कमेटी पदाधिकारियों से चर्चा की है। अफसरों नेे बताया कि कमेटी को इसके बारे में नोटिस भी दिया जाएगा। तुलसी नगर से एंडवास एकेडमी तक चारलेन सड़क का काम भी जारी है। डेढ़ साल के भीतर बीआरटीएस रोड से बांबे अस्तपताल होते हुए बायपास तक कनेक्टिविटी मिल जाएगी। इस सड़क के बनने से एमआर-10 मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा।