लूट के बाद मौके पर जांच करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala digital
इंदौर में अपराधियों के हौसले बुंदल है। पाॅश काॅलोनी की डकैतों को अभी पुलिस पकड़ भी नहीं पाई है और शहर के व्यस्त रावजी बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। दोपहिया वाहन से जा रहे एक व्यापारी की आंखों में मिर्ची झोंककर नोटों से भरा बैग लूट कर बदमाश भाग गए। बैग में करीब डेढ़ लाख रुपये थे। हर बार की तरह पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के सहारे बदमाशों को खोजने में जुटी है।
लूट की यह वारदात इंदौर के रावजी बाजार क्षेत्र से चंद कदमों की दूरी पर हुई है। एक व्यापारी एक्टिवा पर सवार होकर दुकान जा रहा था। तबी दो बदमाश बाइक पर आए और व्यापारी को रोका।
व्यापारी कुछ समझ पाता, उससे पहले बदमाशों ने आंख में मिर्च पाउडर झोंका और रुपये से भरा बैग छिनने लगे। व्यापारी ने बैग नहीं छोड़ा तो दूसरे बदमाश ने व्यापारी का हाथ पकड़ा और जोर से बैग छिना। इसके बाद वे बदमाश भाग गए। व्यापारी ने थाने पर जाकर लूट होने की जानकारी दी तो पुलिस मौके पर पहुंची।
लूट के लिए मारपीट
लसुडि़या क्षेत्र में एक युवक को तीन बदमाशों ने लूट के इरादे से पीटा। बदमाशों ने स्कीम-78 निवासी ऋषभ गायकवाड़ का सिर क्रिकेट के बैट से फोड़ दिया। वह अपने घर लौट रहा था तो आरोपियों ने उसे रोका और आठ हजार मांगे। ऋषभ ने पैसे नहीं होने की बात कही तो एक बदमाश विक्की ने जेब में हाथ डालकर रुपये निकालने की कोशिश की। फरियादी ने बदमाशों से बचने के लिए भागने की कोशिश की तो एक आरोपी ने सिर पर बैट मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी विक्की कुशवाह, रोहन वर्मा व अन्य के खिलाफ लूट का प्रयास और अवैध वसूली का केस दर्ज किया है।