श्रम और रोजगार विषय पर मंथन के लिए जी-20 कार्य समूह की बैठक बुधवार को इंदौर में हुई। ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में 40 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधियों की तीन अलग-अलग बैठकें हुईं। इनमें मंत्री समूह के लिए पेश होने वाले प्रारूप पर चर्चा की गई।
श्रम दक्षता, पलायन, नवीन रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, श्रमिकों के लिए सरकारी योजना जैसे विभिन्य विषयों पर प्रतिनिधियों ने चर्चा की और अलग-अलग देशों में श्रम और रोजगार की नीतियों की खूबियों के बारे में भी बताया गया।
पहले योग सत्र हुआ
जोधपुर, गुवाहाटी और जिनेवा की बाद जी-20 के वर्किंग ग्रुप की चौथी और अंतिम बैठक में शामिल हुए प्रतिनिधियों के लिए पहले योग सत्र रखा गया था। सुबह 9.30 बजे से समूह चर्चा शुरू हुई।
पारंपरिक अंदाज में स्वागत
आयोजन स्थल पर आए मेहमानों का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। जी 20 समिट में तुर्की,यूएएस, नीदरलैंड, रूस, ब्राजील, स्पेन, जर्मनी, इजिप्ट, चीन, फ्रांस, सिंगापुर सहित अन्य देशों केे प्रतिनिधि भाग लेने इंदौर आए हैं।
पर्यटन की भी ब्रांडिंग
जी-20 समूह की बैठक में मध्य प्रदेश के पर्यटन की ब्रांडिंग भी हो रही है। आयोजन स्थल पर ओंकारेश्वर में बनने वाले एकात्मधाम की प्रतिकृति बनाई गई। यहां शंकराचार्य की प्रतिमा भी लगाई और इस प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों की जानकारी भी मेहमानों से साझा की गई।
महेश्वरी साड़ी और मांडना पेंटिंग के लगे स्टाॅल
बैठक स्थल पर महेश्वरी साड़ी और मांडना पेंटिंग के स्टाॅल भी लगाए गए। जहां अलग अलग डिजाइन की महेश्वरी साड़ियां रखी गईं। लूम पर ये कैसे बनाई जाती हैं। इसका भी प्रदर्शन मेहमानों के समक्ष किया गया। बेकार सामग्री से बनी कलाकृतियां भी रखी गई। कपड़ों की चिंदियों से बनी राजवाड़ा, महात्मा गांधी, लता मंगेशकर की पेटिंग मेहमानों ने देखी।