पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के एक वीडियो पर सियासत गर्मा गई है। कांग्रेस ने कांटछांट कर वीडियो जारी करने का आरोप लगाते हुए प्रदेश भाजपा प्रवक्ता पर प्रकरण दर्ज करने की मांग की।
हिंदुत्व और गाय को लेकर भाजपा प्रवक्ता द्वारा जारी किए गए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के वीडियो पर कांग्रेस ने आपत्ति ली है। इंदौर में जिला कांग्रेस पदाधिकारी शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे। उन्होंने भाजपा प्रवक्ता हितेश वाजपेयी के ट्विटर लिंक के स्क्रीन शॉट भी सबूत बतौर पेश किए। उन्होंने कहा कि सिंह का फेक वीडियो चलाकर भाजपा उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रही है।
अपनी शिकायत में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने 25 दिसंबर को भोपाल के नर्मदा भवन में आयोजित जनजागरण यात्रा में भाषण दिया था। भाषण में सिंह ने दामोदर सावरकर की किताब का हवाला देकर हिंदुत्व और गौवंश को लेकर बातें की थीं। उस वीडियो को एडिट कर भाजपा प्रवक्ता ने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया, ताकि सिंह की छवि धूमिल हो सके। कांग्रेस नेताओं ने सावरकर की किताब के अंश, आयोजन के वीडियो और भाजपा प्रवक्ता द्वारा शेयर किए गए वीडियो की जानकारी भी सबूत बतौर पुलिस को दी। पुलिस अफसरों ने शिकायती आवेदन रख लिया, हालांकि प्रकरण दर्ज नहीं हुआ।
शिकायत करने वाले नेताओं में ब्लॉक अध्यक्ष पदम मस्करा, दौलत पटेल, रवि दांगी, अमर सिंह पटेल व अन्य नेता शामिल थे। पूर्व शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष पिंटू जोशी भी शिकायत करने थाने गए। बता दें, दिग्विजय सिंह ने उनके वीडियो को लेकर ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने कहा है कि उन्हें बदनाम करने की नीयत से वीडियो को एडिट कर भाजपा चला रही है। यह कानूनी अपराध है और इस पर सख्त कार्रवाई होना चाहिए।