बच्चों ने खुद सफाई की और बस्तियों को स्वचछ रखने का संकल्प लिया।
- फोटो : अमर उजाला, इंदौर
इंदौर के लोगों की रग रग में स्वच्छता इस तरह से घुल चुकी है कि वे जहां पर भी जाते हैं इसका उदाहरण पेश कर देते हैं। इंदौर की बस्तियों के बच्चों को लालबाग में घुमाने ले जाया गया। सीआईआई (कान्फिडरेशन आफ इंडियन इंडस्ट्रीज) के यंग इंडियंस इंदौर चैप्टर ने बस्ती फाउंडेशन के बच्चों के लिए यह टूर प्लान किया। शहर की विभिन्न बस्तियों के बच्चे जब बच्चे वहां पर पहुंचे तो उन्हें ढेर सारा कचरा दिखा। पहले तो सभी को ख्याल आया कि वे इसकी शिकायत करें लेकिन फिर सबने सोचा कि शहर को साफ रखना तो हमारी भी जिम्मेदारी है तो क्यों न पहले हम ही इसे साफ कर दें।
शिकायत तो बाद में भी कर सकते हैं
यंग इंडियंस चैप्टर के चेयर राहुल सिंघल और को चेयर आरती जाजू ने कहा कि जब हम बच्चों को लालबाग घुमाने के लिए गए तो वहां पर बहुत सारा कचरा पड़ा था। पहले हमें लगा कि निगम के किसी अधिकारी से शिकायत करें और सफाई करवाएं लेकिन फिर सभी ने पूरा कचरा मिलजुलकर साफ किया। हमने बच्चों को भी यह संदेश दिया कि शहर के प्रति सबसे पहला दायित्व हम सभी का है। खामी होने पर शिकायत करना जरूरी है लेकिन यह शहर हमारा भी है और यदि हम खुद उसे साफ कर सकते हैं तो पहले हमें ही उसे साफ करना चाहिए।
गीला सूखा कचरा अलग किया
बच्चों ने लालबाग में कई जगह पर पड़ा प्लास्टिक इकट्ठा किया और उसे एक जगह करने के बाद डस्टबिन में डाला। बच्चों ने गीला सूखा कचरा भी अलग अलग रखा। इसी के साथ सबने यह संकल्प लिया कि जिस तरह से आज उन्होंने लालबाग जैसे पर्यटक स्थल को साफ किया उसी तरह से वे सब अपनी बस्तियों को भी हमेशा स्वच्छ रखेंगे।