गाड़ी टकराने पर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई और इसके बाद एक युवक घर से एयरगन ले आया। विवाद के दौरान उसने दो युवकों पर फायर कर दिया। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ एक एयरगन और एक लाइसेंसी बंदूक जब्त की है। घटना तेजाजीनगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह की है।
विज्ञापन
टीआइ आरडी कानवा ने बताया कि फरियादी महेश पुत्र प्रेमलाल सोलंकी अपने ससुर और साले सतीश रामप्रसाद से मिलने आया था। उसकी बाइक घर के बाहर सतीश के घर के पास खड़ी हुई थी। उसी समय मिर्जापुर में ही रहने वाला अनूप धनेरा बैलगाड़ी लेकर निकला और महेश की बाइक को टक्कर मार दी। महेश का साला शुभम और रोहित मालवीय समझाने आया तो अनूप, उसका पिता इंदर और दादा गेंदालाल भी आ गए। आरोप है कि अनूप बाइक को घसीटते हुए भी ले गया। इसके बाद अनूप ने एयरगन से फायर कर शुभम और रोहित को घायल कर दिया। आरोपित घर से लाइसेंसी बंदूक लेकर आए और गोली मारने की धमकी दी। टीआइ के मुताबिक अनूप पूर्व में भी छेड़छाड़ का आरोपित रहा है। पुलिस ने गेंदालाल और अनुप को हिरासत में ले लिया है। लाइसेंसी बंदूक और एयरगन को जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार बंदूक का लाइसेंस निरस्त करवाने के लिए कलेक्टर कार्यालय को पत्र लिखा जाएगा।