इंदौर में रिटायर्ड जज जेएस सेंगर की बहू आराधना सिंह से पर्स लूटने की कोशिश करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नशे के लिए वारदात करते थे।
उल्लेखनीय है लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित पिपल्या कुमार चौराहा पर गुरुवार दोपहर आराधना सिंह के साथ बदमाशों ने वारदात उस समय की थी जब वे अपने बच्चों को लेने स्कूल जा रही थीं। उनका पर्स लूटने के दौरान वे स्कूटर सहित गिर गई थीं, जिसके कारण उनकी आठ पसलियां, कॉलर बोन व कंधे की हड्डी टूट गई थी। इस घटना के बाद ही इंदौर में हाल ही लागू की गई पुलिस कमिश्नरी सिस्टम पर सवालिया निशान खड़े हो गए थे।
जानकारी के अनुसार पुलिस गिरफ्त में आए दोनों बदमाश की पहचान सेठी नगर निवासी राज और एमआईजी का रहने वाला गम्पू के रूप में हुई है। दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। दोनों नशे के लिए वारदात करते थे। आरोपितों ने आराधना सहित शिक्षिका किरण देसाई और किराना व्यापार कुलदीप गुप्ता की पत्नी मनीषा को लूटना कुबूला है। बदमाशों ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की, जिसमें बदमाशों के हाथ-पैर टूट गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को पकड़ा है।