वारदात के बाद घटनास्थल पहु्ंची पुलिस
- फोटो : सोशल मीडिया
बस के चालक और कंडक्टर से हुए विवाद में युवक की हत्या हो गई। मृतक अपने दोस्त के साथ उज्जैन दर्शन कर इंदौर आया था। आरोपियों ने बस में रखे पाने से सिर में वार करके हत्या कर दी।
घटना मंगलवार रात को मरीमाता क्षेत्र में हुई। मृतक का नाम कालू उर्फ गुलशन खेमचंदानी निवासी द्वारकापुरी है। कालू अपने दोस्त गौरव के साथ उज्जैन दर्शन कर इंदौर आया था। दोनों दोस्त उज्जैन से ही लौटी खाली बस में सवार हो गए। इस बीच कालू की बस के चालक और कंडक्टर से कहासुनी हुई। वन बटालियन के सामने से जब बस गुजर रही थी तब विवाद बढ़ गया। चालक व कंडक्टर ने कालू को नीचे उतारकर पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने पाने से उसके सिर पर वार किया। वार इतना तेजी से किया कि कालू का सिर फट गया। यह देखकर गौरव रिक्शा लेने गया, लेकिन जब तक वह वापस लौटा तब तक कालू की मौत हो गई थी। गौरव ने बताया कि जब से वे इस बस में सवार हुए थे तभी से दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो रही थी। बस पूरी खाली थी इसलिए बचाने वाला भी कोई नहीं था। वह कुछ समझ पाता इससे पहले ही बस चालक और कंडक्टर ने लोहे के पाने से एक के बाद एक कालू के सिर पर वार किया। उसे बचाने के लिए वह राहगीरों से मदद मांगता रहा लेकिन किसी ने भी उसकी मदद नहीं की। हत्या के बाद शव काफी देर तक बीच सड़क पर ही पड़ा रहा। देर तक न तो पुलिस वहां पहुंची और ना ही कोई मदद के लिए आया। पुलिस के अनुसार गौरव ने बताया कि कालू भी वाहन चालक है। उज्जैन में दर्शन करने के बाद दोनों दोस्तों ने वहां शराब भी पी थी। हत्या के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस तलाश कर रही है।