मध्यप्रदेश में इंदौर शहर कोरोना वायरस महामारी का केंद्र बना हुआ है। इंदौर में इस संक्रमण के कारण 74 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, कोरोना वायरस ने शहर के खजराना गणेश मंदिर पर भी दस्तक दे दी है। खजराना मंदिर के पुजारी परिवार के सदस्य उमेश भट्ट (नानु महाराज) की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इसके बाद पूरे परिवार को क्वारंटीन कर दिया गया है।
हालांकि पुजारी परिवार ने कहा है कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। दरअसल, मंदिर के पंडित अशोक भट्ट के परिवार के सदस्यों की कुछ दिन पहले तबीयत बिगड़ गई थी। भट्ट के बड़े भाई धर्मेंद्र, अशोक और फिर दो दिन बाद सबसे छोटे भाई उमेश भट्ट की तबीयत बिगड़ गई।
एक सप्ताह के भीतर परिवार के सभी सदस्यों को बुखार आना शुरू हुआ। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया। जहां परिवार के सभी सदस्य तीन-चार दिन बाद ही ठीक हो गए, वहीं पंडित के छोटे भाई उमेश भट्ट की तबीयत बिगड़ती चली गई। इसके बाद उनकी कोरोना जांच की गई, जिसमें वह पॉजिटिव पाए गए।
बता दें कि मध्यप्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 73 नए मामले सामने आने के बाद प्रदेश में कोविड-19 से संक्रमित रोगियों की संख्या बढ़कर 2,788 हो गई। राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित छह और व्यक्तियों की मौत हो जाने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 151 हो गई।
मध्यप्रदेश सरकार के ताजा स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से छह लोगों की मौत हो गई। इनमें इंदौर और उज्जैन में दो-दो तथा मंदसौर और बुरहानपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत शामिल है। राज्य में अब कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 151 हो गई है।
स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 73 नए मामले सामने आए हैं। इस तरह प्रदेश में संक्रमित रोगियों की संख्या बढ़कर 2,788 हो गई है। बुलेटिन के अनुसार 2,013 मामले सक्रिय हैं। इनमें से 1,952 की हालत स्थिर है जबकि 61 मरीज गंभीर हैं। कुल 624 मरीजों को इलाज के बाद स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।