क्या कभी ये सुना है कि चोर को पकड़ने गई पुलिस से चोर टकरा जाए और पुलिस उसे नजरअंदाज करके आगे बढ़ जाए। इंदौर में ऐसा ही कुछ हुआ है। ज्वेलर्स के यहां चोरी करने के बाद चोर भागा और इसी दौरान पुलिस से टकरा गया। पुलिस ने उसके हावभाव और सिर से पैर तक देखकर उसे विक्षिप्त समझा और आगे बढ़ गई। बाद में जब पता चला कि वही चोर था, तो उसकी तलाश शुरू की।
दरअसल इंदौर के समीप मांगलिया में अभिषेक ज्वेलर्स के यहां चोरी हुई। चोर यहां से चार किलो चांदी और 16 ग्राम सोना ले गए। ओमप्रकाश सोनी की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का केस दर्ज किया है। सोनी ने पुलिस को बताया शनिवार रात को दुकान बंद कर पार्टनर दिनेश सोनी के साथ घर चले गए थे। रविवार सुबह दुकान मालिक महेश अवस्थी ने कॉल कर बताया दुकान का शटर उचका हुआ है। चोरों ने सब्बल से शटर उचका कर प्रवेश किया और करीब चार किलो चांदी के आभूषण, 16 ग्राम सोना और दो हजार नकद चुराकर ले गए। बाद में पुलिस घटनास्थल पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक चोर कैमरा तोड़ते हुए दिखा। एक अन्य दुकान के कैमरे में चार बदमाश दिखाई दिए। वारदात के समय शिप्रा पुलिस का वाहन भी गुजरा लेकिन पुलिसवालों ने देखा नहीं। कैमरा तोड़ रहा बदमाश कंबल ओढ़कर बाहर घूमता रहा और पुलिस उसे विक्षिप्त समक्ष कर आगे निकल गई। सुबह फुटेज वायरल होने पर गश्त करने वाले पुलिसवालों ने कहा यह तो रात में टकराया था। अब पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस आशंका जता रही है कि वारदात में कंजर गिरोह या नशेड़ियों का हाथ हो सकता है। मांगलिया, तलावली चांदा और लसूड़िया मौरी क्षेत्र के कई बदमाश इसी तरह वारदात करते हैं।