पुराने विवाद के चलते दो भाइयों ने एक युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पिता पर भी हत्या का मामला दर्ज है।
घटना हीरानगर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम हर्ष उर्फ शुभम चौहान निवासी गौरी नगर है। हर्ष और उसके दोस्त अक्षय का गौरव वर्मा निवासी गौरी नगर से पुराना विवाद चल रहा था। पहले भी उनके बीच तनातनी हो चुकी थी मगर आपसी समझाइश से मामला सुलझ गया। बहन का फोटो डीपी पर लगाने की बात को लेकर यह विवाद था। रविवार रात को एक सैलून के सामने हर्ष और अक्षय का गौरव से फिर से विवाद हुआ। इस पर दोनों दोस्तों ने गौरव की पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान वहां पर गौरव का भाई दीपक आया। उसने चाकू निकाला और हर्ष को घोंप दिया। इससे हर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि हर्ष प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने घटना के बाद दोनों आरोपी भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले फिरोज गांधी नगर में रहते थे। उनके पिता ने वहां किसी की हत्या कर दी थी, इसके बाद से वे गौरी नगर रहने आ गए थे। यहां रहने के दौरान ही हर्ष से विवाद हुआ था।