आरोपियों के कब्जे से बरामद दो मुंह का सांप।
- फोटो : सोशल मीडिया
पुलिस ने दो मुंहे सांप की तस्करी करने वालों को पकड़ा है। आरोपियों के पास से सैंड बोआ नामका दो मुंहा सांप जब्त किया है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में 50 लाख रुपये कीमत है।इसका उपयोग दवाई बनाने और तांत्रिक प्रयोजनों में होता है।
परदेशीपुरा थाना प्रभारी पंकज द्विवेदी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति एक बैग में एक दो मुंह का सांप लेकर बेचने की फिराक में हुकुमचंद मिल ग्राउंड में आने वाले हैं। इस पर कल्याण मिल तिराहे पर पुलिस बल तैनात किया। कुछ देर इंतजार करने के बाद मुखबिर की सूचना अनुसार दो युवक पहुंचे। एक के हाथ में सफेद झोला था। घेराबंदी की तो दोनों भागने लगे। कुछ दूर जाकर दोनों को पकड़ा। आरोपियों के नाम मयूर पिता राजू कुशवाह ( 21) निवासी नरवल और लोकेश पिता शिवप्रकाश कश्यप (23) निवासी इंदौर है। मयूर के पास झोला था। इसको खोलकर देखने पर इसमें दो मुंहा सांप मिला। इसे सैंड बोआ कहते हैं। आरोपी मयूर ने बताया कि उसने जंगल में से दो मुंहा सांप पकड़ा था। दोस्त लोकेश के साथ मिलकर इसे बेचने जा रहे थे। पता था कि दो मुंहे सांप की कीमत बहुत रहती है और इसका उपयोग दवाई बनाने और तांत्रिक क्रियाओं में होता है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड देखे लेकिन कुछ नहीं मिला। वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया।