उज्जैन में भैरवगढ़ की सेंट्रल जेल में बंद रहे कैदी की दबाव डालकर हैकिंग करवाने के आरोपों की जांच के लिए जेल डीआईजी संजय पांडे के नेतृत्व में एक टीम भैरवगढ़ जेल पहुंची। जांच प्रभावित न हो इसके लिए इस मामले से जुड़े तीन संदिग्ध अधिकारियों को पहले ही भोपाल अटैच कर दिया गया है।
शनिवार दोपहर 12 बजे जेल डीआईजी संजय पांडे के नेतृत्व में एक टीम भैरवगढ़ जेल पहुंची। जांच टीम ने जेल में अनंत अमर अग्रवाल के साथ बंद रहे कैदियों सहित उस दौरान ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ से पूछताछ की है। बताया जाता है कि अग्रवाल से जेल में कौन कब मिलता था, इसका भी रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। जिन जेल अधिकारियों पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी भूमिका भी खंगाली जा रही है। कैदियों से बैरक में तो जेल स्टाफ को जेल अधीक्षक कार्यालय में बुलाकर बयान लिए जा रहे हैं। एडीजी राज्य सायबर सेल योगेश देशमुख का कहना है कि जेल से जुड़े मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एसआईटी का गठन कर जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक किसी का भी नाम सामने नहीं आया है। पूरी जांच के बाद ही मामले में अगली कार्रवाई की जाएगी।