बीच सड़क पर अचानक हुआ छह फीट का गड्ढा
जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कों के लिए देशभर में बदनाम ग्वालियर में एक बार फिर बड़ी लापरवाही सामने आई है। रविवार को सागर ताल रोड पर अचानक सड़क करीब छह फीट धंस गई, जिससे रेत से भरा डंपर उसमें फंस गया। हादसा इतना गंभीर था कि डंपर 45 डिग्री के एंगल पर एक ओर झुक गया। हालांकि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन डंपर के पलटने से बड़ा हादसा हो सकता था।
ट्रैफिक घंटों रहा बाधित
डंपर का पिछला हिस्सा सड़क में धंसने से सागर ताल रोड पर यातायात ठप हो गया। वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची टीम ने दो जेसीबी की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद डंपर को बाहर निकाला। इसके बाद सड़क में बने विशाल गड्ढे की तस्वीर साफ दिखाई देने लगी।
यह भी पढ़ें- अर्चना तिवारी: 13 दिनों से लापता युवती ने परिवार से फोन पर की बात, मुंहबोले भाई ने किया ऐसा दावा; जानें माजरा
बाइक सवार हादसे का शिकार
डंपर हटने के बाद भी खतरा टला नहीं। अचानक एक बाइक सवार गहरे गड्ढे में जा गिरा। हालांकि राहगीरों ने तुरंत उसे बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लोगों का कहना है कि इस गड्ढे में कोई भी वाहन चालक आसानी से समा सकता है।
लोगों का फूटा गुस्सा
गड्ढा देखकर वहां मौजूद लोगों का गुस्सा प्रशासन पर फूट पड़ा। राहगीरों ने कहा कि ग्वालियर की सड़कों की स्थिति इतनी खराब है कि लोग हर रोज जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासी आसिफ ने बताया कि कुछ साल पहले आनंद नगर की मुख्य सड़क पर बने गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौत हो गई थी। इसके बावजूद प्रशासन नहीं चेता। वहीं रामस्वरूप ने कहा कि अभी पिछले हफ्ते ही आनंद नगर मार्ग पर एक बड़ा ट्रक फंस गया था। इससे साफ है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से लगातार समझौता किया जा रहा है और इसकी कीमत आम जनता चुका रही है।
यह भी पढ़ें- MP News: सीहोर में धर्मांतरण कांड से हड़कंप, मास्टरमाइंड पति-पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज; पुलिसकर्मी भी निलंबित
खस्ताहाल सड़कों पर उठे सवाल
ग्वालियर की टूटी-फूटी सड़कें बार-बार हादसों को न्यौता दे रही हैं। सवाल यह है कि आखिर कब शहर को इन खतरनाक गड्ढों से निजात मिलेगी? स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन सिर्फ हादसे के बाद जागता है, लेकिन जमीनी स्तर पर सुधार की कोई ठोस कोशिश नजर नहीं आती।