फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एमपी: ग्वालियर से भोपाल जा रही बस में अचानक लगी भीषण आग, जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदे यात्री; हड़कंप

Sun, 06 Sep 2026 03:09 PM IST
ग्वालियर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्वालियर

सार

ग्वालियर से भोपाल जा रही शरद ट्रैवल्स की वीडियोकोच बस में अचानक भीषण आग लग गई। अफरा-तफरी के बीच करीब 25 यात्री खिड़कियों के कांच तोड़कर और दरवाजे से बाहर निकले। धुएं से बुजुर्ग बेहोश हुए, बस जलकर खाक हो गई।
विज्ञापन
बस बनी आग का गोला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शहर में शनिवार रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ग्वालियर से भोपाल जा रही शरद ट्रैवल्स की वीडियोकोच बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए यात्रियों को खिड़कियों के कांच तोड़कर और दरवाजे से कूदकर बाहर निकलना पड़ा।

गनीमत रही कि समय रहते बस में सवार करीब 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि हादसे के दौरान धुएं की चपेट में आने से एक बुजुर्ग हार्ट पेशेंट बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद यात्रियों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें CPR दिया, जिसके बाद उनकी हालत संभली। बाद में उन्हें जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, शरद ट्रैवल्स की वीडियोकोच बस शनिवार रात करीब 10:30 बजे ग्वालियर रोडवेज बस स्टैंड से भोपाल के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 25 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि रवाना होने के करीब आधे घंटे बाद जब बस चेतकपुरी स्थित विवेकानंद तिराहे के पास पहुंची तो यात्रियों को बस के अंदर धुआं दिखाई देने लगा।

यात्रियों ने तत्काल इसकी जानकारी बस चालक और क्लीनर को दी। कुछ देर बाद बस विवेकानंद तिराहे पर यात्रियों को बैठाने के लिए रुकी। इसी दौरान बस के पिछले हिस्से से अचानक तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस धुएं व आग की चपेट में आ गई।

विज्ञापन


पढ़ें: यूपी में तैयार होती थी मदिरा, फर्जी क्यूआर-रैपर लगाकर खपाई जाती थी; जानें कैसे होता था खेल

बस में आग फैलते ही अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए यात्रियों ने खिड़कियों के कांच तोड़ दिए और एक-एक कर बाहर निकलना शुरू किया। कुछ यात्री दरवाजे से तो कुछ खिड़कियों के रास्ते बाहर कूद गए। बस स्टाफ, स्थानीय लोगों और यात्रियों की मदद से सभी करीब 25 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हादसे के दौरान बस में सवार एक बुजुर्ग हार्ट पेशेंट धुएं की चपेट में आने से बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल बस से बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद यात्रियों और पुलिसकर्मियों ने CPR दिया, जिससे उनकी हालत संभली। इसके बाद एम्बुलेंस की मदद से उन्हें जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

आग की सूचना मिलते ही करीब 10 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल की दो गाड़ियों ने पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बस के पिछले हिस्से में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, वरना यह हादसा बड़ी जनहानि में बदल सकता था।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें