जानकारी के अनुसार शहर के गोला का मंदिर नारायण विहार में एक परिवार रहता है। परिवार का मुखिया दिल्ली में किसी कॉल सेंटर में कैब ड्राइवर है, यहां उसकी पत्नी, बेटा और दो बेटियां रहती हैं। बड़ी बेटी 17 साल की है जो कक्षा 12वीं की छात्रा है। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह जब परिजन जागे तो काफी देर हो चुकी थी। वैसे वह सुबह 7 बजे तक नींद से जाग जाते थे, लेकिन आज उनकी नींद सुबह 9.30 बजे खुली। परिवार के सभी सदस्यों का सिर चकरा रहा था। मां ने देखा तो पूरा परिवार वहां था, लेकिन 6 दिन पहले जिस नाबालिग बेटी की सगाई की थी, वह कहीं नजर नहीं आ रही थी। इसके बाद उसने अंदर जाकर देखा तो कमरे में अलमारी खुली पड़ी थी, उसमें रखे पुश्तैनी गहने और 1 लाख रुपए भी नहीं थे। ऐसे में घर का नजारा देख उन्हें समझने में देर नहीं लगी कि उनकी बेटी रात को घर से भाग गई है। महिला ने सबसे पहले अपने पति को मामले की सूचना दी। इसके बाद गोला का मंदिर थाना पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
घर में बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
सभी को प्यार से खिलाया खाना
पीड़ित मां ने बताया कि उसकी बड़ी बेटी ने शाम को आलू के पराठे बनाए थे। सभी को बहुत प्यार से उसने खाना खिलाया, लेकिन खुद नहीं खाए थे। उस समय यह बात सामान्य लगी थी। लेकिन, रविवार को बेटी के घर पर नहीं मिलने के बाद वह कुछ ही दूरी पर रहने वाले उसके प्रेमी के घर पहुंची तो पता चला कि मोहन सिंह भी अपने घर से लापता है।
बेटी ने कहा था सगाई के लिए तैयार हूं
मां ने बताया कि बेटी के प्रेम प्रसंग के चलते ही उसकी मुरार निवासी एक युवक से सगाई कर दी थी। छह दिन पहले उसकी सगाई का समारोह था। सगाई करते समय बेटी से पूछा तो उसने कहा था कि वह सब कुछ भूलकर सगाई के लिए तैयार है। लेकिन, यह नहीं पता था कि उसके मन में क्या चल रहा है।
दो टीमें तलाश में जुटीं
सीएसपी अशोक जादोन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्रा की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई हैं। स्टेशन और बस स्टैंड के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। पुलिस जांच कर रही है, जल्द ही उसे खोज लिया जाएगा।