बंदूक लहराने का वीडियो भी सामने आया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में भैंस बांधने के खूंटे के मालिकाना हक को लेकर जमकर विवाद हो गया। लाठी-डंडे तो चले ही, बंदूकें भी निकल आईं। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि खूंटा उनका है और बाहुबली जबरन उस पर अपने पशु बांध रहे हैं। विरोध करने पर महिलाओं तक को पीटा गया है। मामला थाने तक पहुंच गया है।
जानकारी के अनुसार मामला ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना इलाके की नारायण विहार कॉलोनी का है। यहां रहने वाले वीरेंद्र राठौर ने शिकायत की है कि उनके रिश्तेदार के प्लाट में एक खूंटा लगा है, जिसके जरिए अपने मवेशी बांधते हैं। लेकिन उनके पड़ोस में रहने वाले भदौरिया परिवार ने अब उस पर कब्जा कर लिया है। हमारे मवेशी खोलकर अपने बांध लिए हैं। घर के बच्चे ने पूछा तो उसके साथ मारपीट की गई। उसकी आवाज सुनकर घर की महिला उसे बचाने दौड़ी तो उसके साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई। विवाद देख जब पड़ोसी आए तो घर में भाग गया और बंदूक लहराने लगा।
घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो सामने आया है। इसमें एक व्यक्ति हाथ में बंदूक लिए धमकाते नजर आ रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस से शिकायत की है उन्हें बंदूक लहराने का वीडियो भी बताया, पर उन्होंने जांच की बात कही है। हम मामले की शिकायत लेकर एसपी के पास जाएंगे। इधर गोला का मंदिर थाना पुलिस का कहना है कि इस मामले में चार नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और बलवा आदि की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना चल रही है जिसमें जो भी तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।