ग्वालियर में लिव इन में रहने वाली महिला की हत्या का आरोपी गिरफ्तार (सांकेतिक फोटो)
- फोटो : सोशल मीडिया
ग्वालियर में 12 दिन पहले लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाली महिला सीता थापा की हत्या के आरोपी उसके पार्टनर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने महिला की हत्या करने का जुर्म कबूल कर लिया है।
पूछताछ में आरोपी शेरू थापा ने बताया कि दो साल पहले कोरोना के चलते वह बेरोजगार हो गया था। उसकी पार्टनर सीता थापा की कमाई से घर चल रहा था। मेरी नौकरी जाने के बाद उसका व्यवहार मेरे प्रति बदल गया था। आए दिन वह पैसों की धौंस जमाकर मुझे नीचा दिखाया करती थी। मैं शराब पीकर आता था तो मुझे दुत्कारा करती थी। वारदात वाले दिन भी मैंने शराब पी थी, जब मैं घर आया तो सीता ने मुझे जलील किया, मैं गुस्से में था मेरा माथा ठनका मैंने गुस्से में उसका गला काट दिया। आरोपी ने पीएचई कॉलोनी के फ्लैट नंबर-10 में घटना को अंजाम दिया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
सीएसपी रवि भदौरिया ने बताया कि 27 फरवरी की रात हजीरा की पीएचई कॉलोनी स्थित एक फ्लैट में महिला का शव पड़ा मिला था। मृतका की पहचान सीता थापा के रूप में की गई थी। छानबीन में पता चला कि महिला शैफ शेरू थापा के साथ लिव इन में रिलेशन में बीते कई सालों से साथ रह रही थी। महिला इंदौर की रहने वाली थी। वहीं, हत्या के बाद से महिला का पार्टनर शेरू फरार था। दो तीन दिन पहले हत्या होने से महिला का शव सड़ने लगा था। हत्या के पीछे शैफ का हाथ होने के आधार पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। बुधवार को पुलिस को उसके बस स्टैंड में छिपे होने की सूचना मिली, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम शेरू थापा बताया। आरोपी ने बताया कि वारदात के बाद से वह उज्जैन और इंदौर फरारी काट रहा था। फिलहाल पुलिस फरारी के दौरान उसकी मदद करने वाले लोगों के बारे में जानकारी पता करने में लगी है। हत्या में प्रयुक्त हथियार को भी आरोपी से बरामद करना है।
पड़ोसियों ने दी थी लाश की सूचना
पीएचई कालोनी स्थित राजीव गांधी आवास के फ्लैट नंबर 10 से 27 फरवरी की रात अचानक दुर्गंध आ रही थी। पड़ोसियों ने जाकर देखा तो घर में महिला की लाश पड़ी थी। तत्काल लाश की सूचना पुलिस को दी गई। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि महिला की लाश बिना कपड़ों के पड़ी थी। वहीं, उसके साथ रहने वाला उसका पार्टनर शेरू थापा वारदात के बाद से ही गायब था। सीता के गले में चाकू के वार थे, जिसे देखकर पुलिस ने हत्या का अंदाजा लगाया। पूछचाछ में ये बात सामने आई कि शेरू शराब पीने का आदी था। पुलिस का पहला शक उसी पर गया। इसलिए पूरा शक उस पर ही था।
पति पत्नी को छोड़ रह रहे थे लिव-इन में
मृतका सीता की शादी पदम थापा नाम के व्यक्ति से हुई थी। करीब 7 साल पहले सीता पति को छोड़कर शेरू के साथ लिव इन रिलेशन में रहने लगी थी। वहीं, शेरू ने भी अपनी पत्नी शर्मिला को छोड़ दिया था।