ग्वालियर में देसी कट्टे के साथ युवती ने यह तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की थी।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के चंबल में बंदूकों के प्रति दीवानगी किसी से छिपी नहीं है। अब यह दीवानगी दिखाने में लड़कियां भी पीछे नहीं है। बीते दिनों फायरिंग के वीडियो सामने आए थे। अब एक युवती ने सोशल मीडिया पर देसी कट्टे के साथ फोटो डालकर ध्यान खींचा है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए युवती के पड़ोसी को जेल भेज दिया है।
मामला ग्वालियर के जांजगीर कटरा का है। वहां की रहने वाली 19 वर्षीय युवती ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर देसी कट्टे के साथ तस्वीरें पोस्ट की थी। जब इसकी जानकारी पुलिस की क्राइम ब्रांच के अफसरों तक पहुंची तो उन्होंने पूछताछ की। युवती ने बताया कि देसी कट्टा पड़ोस में रहने वाले युवक आकाश प्रजापति का है। दो दिन पहले घर में एक फंक्शन था, उसमें ही आकाश भी आया था। तब युवती ने उससे देसी कट्टा लेकर तस्वीरें ली थी, जिन्हें उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था।
युवक गिरफ्तार
ग्वालियर के एएसपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि देसी कट्टे के साथ आकाश को गिरफ्तार कर कट्टा बरामद कर लिया है। उसे जेल भेज दिया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।