छात्रा के अपहरण की कोशिश के आरोप में युवक-युवती को खंभे से बांधकर पीटा गया।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के गुना जिले में युवक-युवती को खंभे से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। दोनों पर एक छात्रा के अपहरण का प्रयास करने का आरोप लगा है। बाद में पुलिस ने दोनों को छुड़वाया और थाने लाया गया। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दी।
जानकारी के अनुसार मामला गुना जिले के बीनागंज इलाके के चांचौड़ा की है। बताया जा रहा है कि गांव लहरचा की रहने वाली 13 साल की छात्रा पैदल कोचिंग जा रही थी। बीनागंड रोड पर एक युवक और एक युवती ने पहले उसे रोका, फिर पकड़कर ले जाने की कोशिश की। छात्रा जैसे-तैसे भाग निकली। घर जाकर पिता को सारी बात बताई। मौके पर पहुंचे छात्रा के पिता और उनके साथ आए लोगों ने युवक-युवती को दबोच लिया।
लोगों ने बताया कि युवक-युवती नशे में लग रहे थे। छात्रा के परिजनों ने जब बात आसपास के लोगों को बताई तो सबने उन्हें पहले तो बिजली के खंभों से अलग-अलग बांध दिया फिर उनके साथ मारपीट भी की। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें एक महिला आरोपी युवती के बाल खींचती नजर आ रही है। युवती खंभे से बंधी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को छुड़वाया और थाना लाया गया। पुलिस पूछताछ कर रही है। इधर गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिन्हें पुलिस ने समझाइश दी और जाम खुलवाया।