फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Guna Crime: बाइक का एक्सीलेटर तेज करने पर विवाद, 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या; आरोपी फरार

Tue, 30 Jun 2026 03:33 PM IST
गुना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुना

सार

कैंट थाना क्षेत्र की साईं सिटी कॉलोनी में बाइक का एक्सीलेटर तेज करने को लेकर हुए मामूली विवाद में टैक्सी चालक ने 19 वर्षीय मोहित रजक की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

विज्ञापन
मृतक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गुना शहर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित साईं सिटी कॉलोनी में सोमवार शाम मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मोटरसाइकिल का एक्सीलेटर तेज करने को लेकर हुए विवाद में एक टैक्सी चालक ने 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। घायल युवक को उसके दोस्त तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच राजा की चक्की के पास हुई। मालपुर रोड निवासी मोहित रजक अपने दोस्त बलराम जाटव और शिवजीत शर्मा के साथ शिवजीत की बाइक से घूमने निकला था। तीनों जब राजा की चक्की के पास रुके तो मोहित बाइक स्टार्ट कर बार-बार एक्सीलेटर देने लगा।

इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला टैक्सी चालक रामजीलाल रजक वहां पहुंचा। उसने बाइक खड़ी करने और तेज आवाज करने पर आपत्ति जताते हुए मोहित को वहां से हटने के लिए कहा। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि रामजीलाल ने गाली-गलौज भी की।

विज्ञापन


पढ़ें:  'शराब छोड़ो, वरना खंभे से बंधोगे', पत्नी का फूटा गुस्सा, शराबी पति को खंभे से बांध मुंह पर चिपकाया टेप

शोर सुनकर मोहित का बड़ा भाई विकास रजक मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान रामजीलाल अपनी टैक्सी की ओर दौड़ा और वहां से एक धारदार चाकू निकाल लाया। उसने मोहित के सीने के निचले हिस्से में चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोहित मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

विकास, शिवजीत, बलराम और मोहल्ले के गौरव शर्मा ने घायल मोहित को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मोहित के दोस्त शिवजीत शर्मा ने बताया कि रामजीलाल से उनका कोई पुराना विवाद नहीं था। उसने आरोप लगाया कि कहासुनी के बाद रामजीलाल वाहन से चाकू और डंडा लेकर आया और मोहित पर हमला कर दिया।

कैंट थाना पुलिस ने आरोपी रामजीलाल रजक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सीएसपी आनंद राय ने बताया कि मामूली विवाद के बाद आरोपी ने चाकू से हमला किया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मोहित की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि इस घटना के बाद साईं सिटी कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें